ED के आठवें समन का हेमंत सोरेन ने भेजा जवाब

3 Min Read

CMO कर्मचारी पत्र लेकर पहुंचा ईडी ऑफिस

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी के 8वें समन का जवाब भेज दिया है। मुख्यमंत्री सचिवालय से एक कर्मचारी सोमवार को मुख्यमंत्री का जवाब लेकर ईडी दफ्तर पहुंचा। इस पत्र में क्या है, अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है।

ईडी ने दिया था 16 से 20 जनवरी का समय

बता दें कि शनिवार को ईडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आठवां समन भेजा था। ईडी ने इस पत्र में हेमंत सोरेन से अब तक पूछताछ के लिए नहीं आने का कारण पूछा था। हेमंत सोरेन से इस मामले में जवाब देने के लिए 16 से 20 जनवरी तक का समय दिया गया था। ईडी ने कहा था 16 से 20 जनवरी तक या तो खुद आएं या ईडी को उनके पास आना पड़ेगा।

समय से पहले भेज दिया जवाब

अब समय से पहले ही सीएम ने चिट्ठी भेज दी है, हालांकि सीएम खुद दी गई समय अवधि के दौरान उपस्थिति होंगे या नहीं इसे लेकर अब भी संशय है। इससे पहले ईडी ने 29 दिसंबर को सातवां समन जारी किया था। जिसमें ईडी ने हेमंत सोरेन को कहा था कि आपको पीएमएलए की धारा 50 के तहत बयान दर्ज कराने का आखिरी मौका दिया जा रहा है।

आप खुद तिथि, समय और जगह तय कर के बताएं। ईडी के अधिकारी वही आकर पूछताछ करेंगे। इस समन के जवाब के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दो दिन में कार्यालय में लिखित जानकारी देने को कहा गया था।

सीएम का ये है आरोप

इस समन के विरोध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी को पत्र भेजकर समन को गैरकानूनी बताया है। उन्होंने ईडी पर मीडिया ट्रायल कराने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उन्हें समन मिलने से पहले मीडिया में समन की बातें चली जाती हैं।

ऐसा उनकी छवि को धूमिल करने एवं सरकार को अस्थिर करने के लिए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भले ही समन के बाद ईडी के समक्ष पेश ना हुए हों, लेकिन समय- समय पर चिट्ठी भेजकर ईडी की कार्यशैली पर सवाल उठाते रहे हैं।

जमीन घोटाले में होनी है पूछताछ

दरअसल, जमीन घोटाले से जुड़े मामले में ईडी सीएम से सवाल-जवाब करना चाहती है। ईडी ने अपने 7वें समन में कहा था कि बड़गाईं अंचल के उपनिरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के घर से छापेमारी में जमीन से जुड़े कई अहम दस्तावेज मिले थे।

इसी मामले में आपकी संपत्ति का भी विवरण प्राप्त करना है, इसलिए पूछताछ जरूरी है। क्योंकि यह सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ का मामला है।

इसे भी पढ़ें

लोगों को भाया मकर संक्रांति पर बाबूलाल मरांडी का ये अंदाज

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं