लू का कहर जारी, रांची का पारा 40 डिग्री, बंगाल की खाड़ी का तूफान देगा राहत

2 Min Read

रांची। झारखंड में गर्मी का कहर जारी है। पिछले 24 घंटे में कोल्हान प्रमंडल के बहरागोड़ा सबसे अधिक गर्म रहा।

यहां का अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में उत्तर-पश्चिम की ओर से गर्म हवा चल रही है। इससे चिलचिलाती धूप के साथ साथ लोगों को तीखी गर्मी महसूस हो रही है।

मौसम विभाग ने 14 जिलों में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 22 अप्रैल से बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बनेगा, जिससे राज्य में बादल छा सकते हैं। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, रांची, पलामू, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में तापमान में बढ़ोतरी और गर्म हवा चलने की संभावना जताई है।

लू की स्थिति को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि अगर जरूरत न हो तो अनावश्यक धूप में न निकलें। नियमित रूप से पानी पीते रहें।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 अप्रैल को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला में वज्रपात के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

जबकि, राजधानी रांची में बादल छाए रह सकते हैं। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। लेकिन 24 और 25 अप्रैल को एक बार फिर तापमान में वृद्धि हो सकती है।

इसे भी पढ़ें

टी20 विश्व कप से पहले यूगांडा के मुख्य कोच होंगे अभय शर्मा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं