Grassroot Health Staff:
रांची। झारखंड सरकार ने जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हजारों कर्मियों को बड़ी सौगात देते हुए उनके मानदेय में भारी बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। सहिया, सहिया साथी, प्रखंड प्रशिक्षक दल (BTT) और राज्य प्रशिक्षक दल (STT) के मानदेय को दोगुना या दैनिक आधार पर बढ़ाकर उनके योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने कहा कि यह फैसला उन स्वास्थ्य टीमों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो गांव-गांव जाकर मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और जागरूकता कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए अतिरिक्त बजट स्वीकृत:
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर स्वास्थ्य प्रहरी कार्यक्रम के लिए 2025–26 में अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। केंद्र सरकार की उपेक्षा के बावजूद राज्य सरकार ने फील्ड कर्मियों के मानदेय को बढ़ाकर उनके आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाया है।
मानदेय बढ़ोतरी का विस्तृत विवरण:
- सहिया (ग्रामीण/शहरी)
- पूर्व मानदेय: 2000 रुपये/माह (NHM)
- अब राज्य से अतिरिक्त 2000 रुपये
- कुल प्रोत्साहन दोगुना
- लाभार्थी: ग्रामीण 39,964 | शहरी 3,000
- अतिरिक्त व्यय: 10311.36 लाख रुपये
- सहिया साथी
- पूर्व मानदेय: 375 रुपये/माह
- नया भुगतान: 50 रुपये/दिन
- लाभार्थी: 2420
- अतिरिक्त व्यय: 348.42 लाख रुपये
- प्रखंड प्रशिक्षक दल (BTT)
- पूर्व: 650 रुपये/माह
- नया: 80 रुपये/दिन
- लाभार्थी: 699
- अतिरिक्त व्यय: 161.05 लाख रुपये
- राज्य प्रशिक्षक दल (STT)
- पूर्व: 850 रुपये/माह
- नया: 100 रुपये/दिन
- कुल सदस्य: 48
- अतिरिक्त व्यय: 13.82 लाख रुपये
- कुल अतिरिक्त व्यय: 10834.65 लाख रुपये
स्वास्थ्य कर्मियों में उत्साह:
घोषणा के बाद राज्यभर में सहिया और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों में उत्साह है। उनका कहना है कि बढ़ा हुआ मानदेय उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत और कार्य के प्रति प्रेरणा का स्रोत है। सरकार को उम्मीद है कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी और सुधार आएगा।







