Ghatshila by-election:
जमशेदपुर। झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। ठंड के बावजूद ग्रामीण इलाकों में लोगों ने सुबह से ही मतदान केंद्रों की ओर रुख किया, जबकि शहरी क्षेत्रों में शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही। निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 9 बजे तक 17.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
ग्रामीण इलाकों में भारी उत्साह, शहरी बूथों पर धीमी रफ्तार:
सुबह की हल्की धूप निकलते ही ग्रामीण इलाकों में मतदाताओं की भीड़ बढ़ने लगी। गालूडीह के महुलिया उच्च विद्यालय और आसपास के गांवों में लंबी कतारें देखने को मिलीं। वहीं, मुसाबनी प्रखंड के संत जोसेफ कॉन्वेंट हाई स्कूल जैसे शहरी केंद्रों पर शुरुआती घंटों में कम मतदाता पहुंचे। तापमान में गिरावट के कारण पहले दो घंटों में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मतदाताओं का जोश बढ़ता गया।
दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए विशेष इंतज़ाम:
प्रशासन ने दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की है। हर बूथ पर व्हीलचेयर, सहायता डेस्क और स्वयंसेवक कर्मी तैनात किए गए हैं ताकि किसी मतदाता को परेशानी न हो। पहली बार वोट डालने वाले युवा मतदाताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। कई युवाओं ने सुबह ही मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव में भागीदारी निभाई।
महिलाओं की बढ़ी भागीदारी, मतदान शांतिपूर्ण:
महिला मतदाताओं ने भी मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई ग्रामीण बूथों पर महिलाओं की कतारें पुरुषों से लंबी नजर आईं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से जारी है। पूरे उपचुनाव पर वेबकास्टिंग के जरिए सख्त निगरानी रखी जा रही है। सीईओ, डीईओ और भारत निर्वाचन आयोग लगातार मतदान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।







