एनटीपीसी की जमीन पर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का आवास [Former MLA Amba Prasad’s residence on NTPC land]

4 Min Read

हजारीबाग। हजारीबाग के बड़कागांव में नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) की अधिग्रहित जमीन पर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का आवास बन रहा है। अंबा प्रसाद की मां पूर्व विधायक निर्मला देवी के नाम पर यह जमीन है। निर्मला देवी ने मई 2015 में बड़कागांव के खाता नंबर 220, प्लॉट नंबर 349 व 358 की यह 1.08 एकड़ जमीन रतन लाल खंडेलवाल व शकुंतला देवी से खरीदी थी। इसे एनटीपीसी ने अधिग्रहित किया था।

कोल बियरिंग एक्ट के तहत हुआ है जमीन का अधिग्रहणः

जब अधिग्रहण के एवज में मुआवजा राशि निर्मला देवी ने लेने से इनकार कर दिया तो एनटीपीसी ने ट्रिब्यूनल में 21.60 लाख रुपये चेक के माध्यम से जमा करा दिया था। यह अधिग्रहण कोल बियरिंग एक्ट के तहत हुआ था।

एनटीपीसी ने नहीं दिया एनओसीः

एनटीपीसी से अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिलने के बावजूद यह निर्माण कार्य जारी है। यह पूरी जानकारी ईडी की जांच में सामने आई है। ईडी ने कोर्ट में इससे संबंधित रिपोर्ट दाखिल की है।

जमीन हड़पने की कोशिश मामले में ईडी कर चुकी है छापेमारीः

पूर्व विधायक अंबा प्रसाद व उनके सहयोगियों से जुड़े 17 ठिकानों पर पिछले साल 12 मार्च 2024 को ईडी की टीम छापेमारी कर चुकी है। उक्त छापेमारी हजारीबाग में प्रतिबंधित प्रकृति की जमीन की अवैध तरीके से हड़पने की कोशिश, रंगदारी, बालू तस्करी सहित करीब आधा दर्जन मामलों में हुई थी।

कई जमीन के कागजात ईडी ने किये थे जब्तः

इस छापेमारी में ईडी को 35 लाख रुपये व भारी मात्रा में जमीन की खरीद-बिक्री (Buying and selling of land) आदि से संबंधित दस्तावेज मिले थे। जिनके ठिकानों पर छापेमारी हुई थी, उनमें अंबा प्रसाद, उनके पिता पूर्व मंत्री योगेंद्र साव से जुड़े ठिकाने, उनके अधीन संचालित विभिन्न कंपनियों के दफ्तर आदि शामिल थे। इन्हीं मामलों की जांच के क्रम में बड़कागांव की उक्त जमीन का मामला भी सामने आया, जिसे एनटीपीसी ने अधिग्रहित किया था, इसके बावजूद अंबा प्रसाद के परिवार के लोग उसपर मकान बनवा रहे हैं।

इन कांडों में जांच कर रही है ईडीः

बड़कागांव थाना में दर्ज कांड संख्या 408/04 में कोयला और फायर क्ले चोरी का आरोप योगेंद्र साव (Yogendra Saav) पर लगा था। इसमें वन अधिनियम के तहत 20 अप्रैल 2007 को इनके खिलाफ वारंट जारी हुआ था। बड़कागांव थाना में दर्ज कांड संख्या 96/05 भी योगेंद्र साव के विरुद्ध दर्ज है। इसमें भी कोयला तस्करी से जुड़ा केस दर्ज है।

गिद्दी थाना में दर्ज कांड संख्या 48/14, इसमें झारखंड टाइगर ग्रुप से जुड़े मामले में केस दर्ज किया गया था। बड़कागांव थाना में कांड संख्या 167/2015 दर्ज किया गया था। इसमें ढेंगा गोलीकांड से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। बड़कागांव थाना में कांड संख्या 228/16 दर्ज हुआ था। इसमें चिरूडीह कांड से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। दस साल की सजा हुई थी।

बड़कागांव थाना में दर्ज कांड संख्या 135/2016 दर्ज हुआ था। उरीमारी थाना में कांड संख्या 76/2017 दर्ज हुआ था। बड़कागांव थाना में कांड संख्या 113/2021 दर्ज हुआ। इस मामले में अंबा प्रसाद सहित 11 पर नामजद धोखाधड़ी व अन्य मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई।
कटकमदाग थाना में कांड संख्या 217/2021 दर्ज हुआ था। इसमें अंबा प्रसाद सहित पांच के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई थी। जबरन चारदीवारी तोड़वाने व जेसीबी चलवाने का आरोप था।

इसे भी पढ़ें

देश के 32 पावरप्लांटों में एनटीपीसी से कोयले की आपूर्ति बदं 

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं