गिरिडीह-कोडरमा सीमा पर अवैध माइका खदान धंसने की आशंका, प्रशासन में असमंजस [Fear of collapse of illegal mica mine on Giridih-Koderma border, confusion in administration]

2 Min Read

गिरिडीह, एजेंसियां। गिरिडीह जिले के गावां और कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र की सीमावर्ती डगरनवा जंगल में अवैध माइका खदान धंसने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में तीन से चार मजदूरों के दबने की आशंका है। यह घटना शनिवार को हुई बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, खदान का संचालन गावां के तराई गांव का एक व्यक्ति कर रहा था, और मृतकों में अधिकतर मजदूर गावां थाना क्षेत्र के जमडार और नवलशाही के डगरनवा के रहने वाले हैं। हालांकि, घटना की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

प्रशासन में सीमा विवाद को लेकर भ्रम

घटना स्थल को लेकर गिरिडीह और कोडरमा जिले के प्रशासन में असमंजस की स्थिति है। खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि माइका खदान में चाल धंसने से मौत की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डगरनवा क्षेत्र कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में आता है।

गावां थाना प्रभारी महेश चंद्र ने भी घटना की पुष्टि से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है, लेकिन घटना स्थल नवलशाही थाना क्षेत्र में पड़ता है। वहीं, नवलशाही थाना प्रभारी शशिभूषण ने इस तरह की घटना से इनकार किया और कहा कि डगरनवा इलाके में कोई माइंस नहीं चल रही है।

स्थिति स्पष्ट नहीं, जांच जारी

सूचना के आधार पर नवलशाही थाना की टीम घटना स्थल के लिए रवाना हो चुकी है। फिलहाल, इस हादसे की सटीक जानकारी और प्रशासन की पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। अवैध खनन के बढ़ते मामलों और प्रशासनिक अनदेखी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

इसे भी पढ़ें

गिरिडीह में अवैध माइका खदान में धंसी चाल, दो महिलाओं की मौत

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं