Elephants attack in Gomia
बोकारो। बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में बीती देर रात हाथियों के हमले से एक सब्जी विक्रेता की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चंद्र दांगी के रूप में हुई है, जो सिमराबेड़ा गांव के निवासी थे। यह घटना इलाके में हाथियों के बढ़ते आतंक की एक और भयावह मिसाल बन गई है।
क्या है मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्र दांगी रोज की तरह सब्जी बेचकर अपनी कार से केंडर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद हाथियों के झुंड ने अचानक उनकी कार को घेर लिया। पहले हाथियों ने कार पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और फिर चंद्र दांगी को कार से बाहर खींचकर बेरहमी से कुचल डाला।
स्थानीय लोगों के अनुसार
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथी पहले से ही सड़क पर घूम रहे थे। जैसे ही कार वहां पहुंची, हाथियों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। उन्होंने सूंड से कार को पलटने की कोशिश की, शीशे तोड़ दिए और फिर चालक को बाहर निकालकर हमला कर दिया। हमले में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और किसी की भी पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। हाथी काफी देर तक सड़क पर मंडराते रहे, जिससे यातायात भी बाधित रहा।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही गोमिया थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गांव में शोक और दहशत का माहौल
चंद्र दांगी की मौत से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में हाथियों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है और कई बार वन विभाग से इसकी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों की नियमित निगरानी की जाए और रिहायशी इलाकों में उनकी आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।








