E-Kalyan scholarship protest:
पलामू। पलामू में ई-कल्याण स्कॉलरशिप में लगातार देरी, तकनीकी गड़बड़ियों और विभागीय लापरवाही से परेशान छात्रों ने एक बार फिर आंदोलन का रास्ता चुना है। छात्रहित सर्वोपरि मंच ने घोषणा की है कि 3 दिसंबर 2025 को पलामू जिला मुख्यालय स्थित DC ऑफिस के सामने बड़ा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन होगा। यह प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शुरू किया जाएगा।
संगठन के अनुसार
संगठन के अनुसार, हजारों छात्रों को अब तक स्कॉलरशिप की राशि नहीं मिली है। कई आवेदन तकनीकी त्रुटियों और विभागीय लापरवाही के कारण अधर में लटके हुए हैं। हर साल ई-कल्याण पोर्टल में गंभीर व्यवधान आने से आवेदन प्रक्रिया और भुगतान प्रणाली दोनों प्रभावित होती हैं, जिससे छात्र परेशान हैं। इससे पहले 8 अक्टूबर को छात्रहित सर्वोपरि मंच ने रांची के TWC कल्याण कॉम्प्लेक्स में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन छात्रों का कहना है कि उस प्रदर्शन के बाद भी विभाग ने ठोस सुधारात्मक कदम नहीं उठाए। इसी वजह से एक बार फिर बड़े आंदोलन का फैसला लिया गया है।
आगामी प्रदर्शन का नेतृत्व सचिन कुमार करेंगे
आगामी प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष दीपु कुमार सिंह और जिला सचिव सचिन कुमार करेंगे। मंच ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा, लेकिन समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार राणा और उपाध्यक्ष आमिर हमजा ने छात्रों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आंदोलन को मजबूती देने की अपील की है। छात्रहित सर्वोपरि मंच का कहना है कि ई-कल्याण पोर्टल की लगातार खामियां अब छात्रों के भविष्य को प्रभावित करने लगी हैं। संगठन ने चेताया है कि जब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

















