CBI trap case Dhanbad railway
धनबाद। धनबाद रेल मंडल में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए Central Bureau of Investigation (CBI) ने वरीय मंडल विद्युत अभियंता संजीव कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद रेलवे कार्यालय में हड़कंप मच गया।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
मामले की शिकायत रेल संवेदक अवजीत झा ने CBI से की थी। उन्होंने बताया कि रेलवे में इलेक्ट्रिक उपकरणों की आपूर्ति और स्थापना का करीब 45 लाख रुपये का बिल पास कराने के लिए उनसे रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले का सत्यापन किया।
जाल बिछाकर पकड़ा गया अभियंता
आरोप सही पाए जाने पर CBI ने ट्रैप की योजना बनाई। शुक्रवार को जब संवेदक अवजीत झा अभियंता को 50 हजार रुपये देने पहुंचे, तभी CBI टीम ने छापा मारकर संजीव कुमार को रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्यालय और आवास पर छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद CBI ने अभियंता के कार्यालय और आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया। देर रात तक चली छापेमारी में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और एक प्रिंटर जब्त किया गया है। जांच एजेंसी का मानना है कि इन साक्ष्यों से मामले में और अहम जानकारी सामने आ सकती है।







