Murdered in Dhanbad: धनबाद में लोन रिकवरी एजेंट का अपहरण कर हत्या, शव घर के किचन में छिपाया

3 Min Read

Murdered in Dhanbad

धनबाद। हाउसिंग लोन की वसूली के दबाव से नाराज एक कारोबारी ने रिकवरी एजेंट अमित अग्रवाल का अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी और शव को अपने घर के किचन में छिपा दिया। यह सनसनीखेज वारदात सरायढेला थाना क्षेत्र के सूर्या हाइलैंड सिटी में सामने आई है। पुलिस ने आरोपी कारोबारी विकास खंडेलवाल को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है।

मृतक अमित अग्रवाल धनबाद थाना क्षेत्र के बिनोद बिहारी चौक, बाबूडीह खटाल स्थित अमर नैना अपार्टमेंट में रहते थे। रविवार सुबह उनका शव विकास खंडेलवाल के घर से बरामद किया गया। शव के हाथ-पैर बंधे थे और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया है और फॉरेंसिक जांच के लिए आरोपी का घर सील कर दिया गया है।

वसूली के दबाव में रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार, विकास खंडेलवाल ने लोन के पैसों से सूर्या हाइलैंड सिटी में मकान खरीदा था। यह लोन बाद में एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) हो गया था। लोन वसूली को लेकर अमित अग्रवाल लगातार दबाव बना रहे थे। दोनों पुराने परिचित थे, लेकिन बढ़ते दबाव के चलते विकास ने हत्या की साजिश रच डाली। शनिवार सुबह करीब 10 बजे अमित बाइक से घर से निकले और लापता हो गए। शाम को उनकी पत्नी संगीता देवी के फोन पर अपहरण की सूचना दी गई और 15 लाख रुपये फिरौती मांगी गई। इसके बाद फोन बंद हो गया। आशंका होने पर पत्नी ने धनबाद थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई।

मोबाइल लोकेशन से खुला राज

पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, जो कभी गोविंदपुर तो कभी सूर्या हाइलैंड सिटी दिखा रही थी। रविवार सुबह ढांगी मोड़ पर मोबाइल बरामद हुआ। कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस विकास खंडेलवाल तक पहुंची। पूछताछ के दौरान आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद उसने हत्या कबूल कर ली।

कैंची और कटारी से की गई निर्मम हत्या

आरोपी ने बताया कि उसने अमित का अपहरण कर घर लाया, हाथ-पैर बांधे और पहले कटारी से कलाई पर वार किया। इसके बाद कैंची से गर्दन के आर-पार हमला कर दिया। शरीर के कई हिस्सों पर भी वार किए गए। पोस्टमार्टम में सिर के पिछले हिस्से, चेहरे और शरीर पर कई गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है।

इलाके में दहशत

शव बरामदगी के बाद कॉलोनी में दहशत फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि वारदात में कोई और तो शामिल नहीं था।

Share This Article
Exit mobile version