Indian Idol में छाए धनबाद के अभिषेक, टॉप-12 में बनाई जगह

4 Min Read

Abhishek Indian Idol

धनबाद। कोयलांचल की धरती से निकलकर प्रतिभाशाली गायक अभिषेक कुमार ने अपनी मधुर आवाज और कड़ी मेहनत के दम पर इंडियन आइडल सीजन-16 के टॉप-12 में जगह बना ली है। अब अभिषेक देश के सबसे बड़े सिंगिंग रियलिटी शो के मंच पर लाइव गाला राउंड में नजर आएंगे। इंडियन आइडल सीजन-16 का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे सोनी टीवी पर किया जाएगा। इस सप्ताहांत से शुरू हो रहे पहले गाला राउंड को “प्रीमियम पार्टी राउंड” नाम दिया गया है, जिसमें मुकाबला और भी कड़ा हो गया है।

अभिषेक के पिता अजय शाह ने बताया

अभिषेक के पिता अजय शाह ने बताया कि यह राउंड बेहद चुनौतीपूर्ण है और अभिषेक पूरी मेहनत और लगन के साथ इसकी तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभिषेक रोजाना करीब 18 घंटे तक रियाज कर रहे हैं और हर सुर, हर भाव और हर शब्द पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। उनका एक ही सपना है कि कोयलांचल और धनबाद का नाम पूरे देश में रोशन करें।

शो में जल्द ही वोटिंग लाइन खोली जाएगी

अभिषेक ने बताया कि शो में जल्द ही वोटिंग लाइन खोली जाएगी। उन्होंने धनबाद, झारखंड और कोयलांचल के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक वोट देकर उनका समर्थन करें। अभिषेक ने कहा, “आपका एक वोट मेरे सपने को साकार कर सकता है।” अपनी संगीत यात्रा के बारे में उन्होंने बताया कि उनके पहले गुरु उनके मामा पंकज सांवरिया रहे, जिन्होंने उन्हें संगीत की बुनियादी शिक्षा दी। इसके बाद निरंतर अभ्यास, मंच कार्यक्रमों और गुरुजनों के मार्गदर्शन से उन्होंने खुद को निखारा। अब तक अभिषेक उदित नारायण और श्रेया घोषाल जैसे दिग्गज गायकों के साथ मंच साझा कर चुके हैं। देशभर के दर्शकों के बीच अपनी कला प्रस्तुत करने को लेकर वे बेहद उत्साहित हैं। धनबाद और झारखंड के संगीत प्रेमियों को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं कि वे इस बार इंडियन आइडल की ट्रॉफी अपने नाम करेंगे।

अभिषेक की इस सफलता के पीछे उनके पिता अजय शाह का संघर्ष

अभिषेक की इस सफलता के पीछे उनके पिता अजय शाह का संघर्ष भी प्रेरणादायक है। अजय शाह पिछले 20–25 वर्षों से धनबाद के सरायडेला जगजीवन नगर क्षेत्र में पार्क के सामने ठेला लगाकर गुपचुप बेचने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका सपना था कि उनका बेटा संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाए और आज वह सपना साकार होता दिख रहा है।

पिता ने बताया कि अभिषेक की प्रारंभिक शिक्षा कक्षा 1 से 5 तक डीएवी बनियाहीर, झरिया में हुई। इसके बाद नाना के सहयोग से उन्होंने कक्षा 5 से 12 तक की पढ़ाई डीएवी कोयला नगर, धनबाद से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए अभिषेक दिल्ली गए, जहां से उन्होंने एमए की पढ़ाई पूरी की। करीब पांच वर्ष की उम्र से ही अभिषेक ने संगीत की दुनिया में कदम रख दिया था। उन्होंने कई जागरण, मंदिरों और स्टेज शो में अपनी प्रस्तुति दी। लगातार संघर्ष और मेहनत के बाद आज वे इंडियन आइडल सीजन-16 के टॉप-12 तक पहुंचे हैं। धनबाद और कोयलांचल के लोगों को अपने इस बेटे पर गर्व है और सभी को उम्मीद है कि अभिषेक अपनी आवाज के जादू से इंडियन आइडल की ट्रॉफी जीतकर झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

Share This Article
Exit mobile version