DAV Public School:
गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में डीएवी पब्लिक स्कूल के शिक्षक गणेश कुमार सिन्हा (32 वर्ष) की मौत हो गई। गणेश सिन्हा परसिया गांव के रहने वाले थे और रोजाना की तरह अपने घर से सरिया स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में पढ़ाने जा रहे थे।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर:
रास्ते में परसिया के पास उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है:
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। परिजन और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है तथा लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।



