रांची। दुनिया में एक से एक दीवाने और फैन देखने को मिलते हैं। झारखंड में माधुरी दीक्षित के फैन पप्पू सरदार को कौन नहीं जानता। अब एक ऐसे ही क्रेजी फैन की धोनी के प्रति दीवानगी चर्चा का विषय बन गयी है। क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की दीवानगी आज भी कम नहीं हुई है।
आईपीएल के मैदान में उनके नाम की गूंज हर किसी ने सुनी। धोनी के प्रति लोगों का प्रेम ऐसा है कि कोई अपने शरीर पर उनका टैटू बनवाता है, तो कोई पैदल ही हजारों किलोमीटर दूर से चलकर उनसे मिलने चला आता है। लेकिन पहली बार एक नई तरह की दीवानगी देखने को मिली है। एक शख्स तो धोनी का ऐसा दीवाना है कि उसने अपनी शादी की कार्ड में भगवान के साथ – साथ धोनी की तस्वीर भी छपवा दी है। इतना ही इस दीवाने ने अपी शादी की तारीख भी उसी दिन तय करवाई है, जिस दिन माही का जन्मदिन है, यानी 7 जुलाई को।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में दिख रहा है कि एक पीले रंग की शादी का कार्ड है, जिसमें दूल्हा का नाम दीपक है और लड़की का नाम गरिमा। दोनों की शादी 7 जुलाई को है। इस शादी के कार्ड में खास ये हैं कि भगवान गणेश के साथ साथ – साथ कार्ड के कोने में धोनी की तस्वीर छपवाई गई है।
साथ ही धोनी का लकी नंबर 7 भी छपवाया गया है। कार्ड देखकर ऐसा लग रहा है कि दीपक भी अपना लकी नंबर 7 ही मानते हैं। यही वजह है कि शादी की तिथि भी 7 तारीख को रखी गई है। बता दें कि धोनी का लकी नंबर भी 7 ही है। उनकी जर्सी का नंबर भी 7 है। अपनी शादी के कार्ड में धोनी की तस्वीर छपवाने वाले दीपक छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के निवासी हैं।
तमनार प्रखंड के गांव कोडकेल में वह रहते हैं। इनका पूरा नाम दीपक पटेल है। धोनी के प्रति इस दीवानगी पर दीपक ने बताया की वह महेंद्र सिंह धोनी का बहुत बड़ा फैन है। इतना ही नहीं, धोनी के प्रति दीवानगी के कारण उन्हें शादी के लिए कुछ वर्ष इंतजार भी करना पड़ा है, क्योंकि 7 जुलाई को विवाह का लगन मिल ही नही रहा था। इसके लिए वह घरवालों और ससुरालवालों दोनों को ही मनाते रहे। अब जाकर 7 जुलाई को विवाह का लगन मिला, तो उसी तिथि को वह शादी करने जा रहे हैं।