कोयला तस्करों ने हजारीबाग डीआईजी की टीम पर किया हमला

2 Min Read

छीन कर ले गये कोयला लदा जब्त वाहन

रांची। झारखंड में कोयला तस्करों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि उन्होंने हजारीबाग डीआइजी की टीम पर ही हमला कर दिया। घटना सोमवार सुबह की है।

रामगढ़ के घाटो इलाके में कोयला तस्करों ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया। ये पुलिस टीम हजारीबाग डीआईजी की क्यूआरटी में थी।

हजारीबाग डीआईजी के निर्देश पर यह टीम छापेमारी करने पहुंची थी। टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने तस्करों को पकड़ना चाहा, तो उन्होंने पुलिस पर हमला कर दिया।

हालांकि इस हमले में कोई पुलिसवाला घायल नहीं हुआ है। परंतु तस्कर कोयला लदी गाड़ी पुलिस के कब्जे से छीन कर ले गये। इस मामले में घाटो थाना में कोयला तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

जानकारी के अनुसार हजारीबाग डीआईजी की क्यूआरटी ने घाटो इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीम ने दो ट्रेक्टर में लोड चोरी का कोयला जब्त किया।

कुछ देर के बाद 35 से 40 की संख्या में कोयला तस्कर वहां पहुंचे और पुलिस पर हमला बोल दिया। उन्होंने जमकर पुलिस पर पथराव किया।

पथराव के दौरान पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी। इसके बाद तस्कर अपना वाहन लेकर भाग निकले। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

इसे भी पढ़ें

विरोध प्रदर्शन मामला: न्यायालय ने सिद्धरमैया, अन्य के खिलाफ कार्रवाई पर लगाई रोक

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं