JSSC–CGL
रांची। JSSC–CGL प्रतियोगिता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को 30 दिसंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नियुक्ति पत्र देंगे। मोरहाबादी मैदान में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।
1,927 अभ्यर्थी हुए हैं सफल
जानकारी के अनुसार इस परीक्षा में कुल 1,927 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें 847 सहायक सचिवालय पदाधिकारी (ASO), 288 कनीय सचिवालय सहायक, 170 श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, 4 प्लानिंग असिस्टेंट, 191 प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, 249 प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और 178 अंचल निरीक्षक पद पर नियुक्त होने जा रहे हैं।
लंबे समय से रिक्त पड़े हैं पद
चयनित अभ्यर्थियों की सूची पहले ही झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जा चुकी है। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से रिक्त पद भरे जाएंगे। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
काफी विवादों में रही है परीक्षा
गौरतलब है कि JSSC–CGL परीक्षा को लेकर राज्य में काफी विवाद हुआ था, जो झारखंड हाईकोर्ट तक पहुंचा। लंबी सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 3 दिसंबर 2025 को JSSC को रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया था। इसके बाद 8 दिसंबर को आयोग ने नेपाल गए 10 अभ्यर्थियों को छोड़कर अन्य सभी सफल अभ्यर्थियों का परिणाम जारी कर दिया था। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा प्रमाण पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके उपरांत अब नियुक्ति पत्र वितरण किया जा रहा है।







