Jharkhand Weather: शिमला से भी ठंडी रांची, पारा 2.3 डिग्री

3 Min Read

Jharkhand Weather

रांची। नववर्ष के पहले दिन झारखंड में ठंड ने रिकॉर्ड बना दिया। राजधानी रांची का तापमान शिमला से भी नीचे दर्ज किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शिमला में यह 8.7 डिग्री रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य में ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इससे जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हो रहा है। रांची, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा।

विजिबिलिटी 50 मीटर

मौसम विभाग ने बताया कि कुछ जिलों में दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है। दिन में धूप निकलने की संभावना है, लेकिन तापमान में खास बढ़ोतरी नहीं होगी। बीते 24 घंटे में रांची के तापमान में 1.6 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, फिर भी ठंड का असर बरकरार है।
अन्य शहरों की बात करें तो गुमला का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री, मेदिनीनगर का 5.1 डिग्री और कांके का 3.0 डिग्री सेल्सियस रहा। बोकारो में 6.1, जमशेदपुर में 9.0 और चाईबासा में 8.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

उड़ानें प्रभावित, यात्री परेशान

घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। दिल्ली में खराब मौसम और अन्य कारणों से इंडिगो एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची विमान सेवा रद्द करनी पड़ी। वहीं बेंगलुरु से कोलकाता होते हुए रांची आने वाली उड़ान भी प्रभावित रही। इंडिगो की दिल्ली-रांची फ्लाइट शाम 5:15 बजे के बजाय रात 7 बजे पहुंची।

इसके अलावा रांची-बेंगलुरु विमान सुबह 8:55 की जगह 10:10 बजे उड़ा। रांची-दिल्ली विमान दोपहर 2:45 की जगह 3:40 बजे और दूसरी फ्लाइट शाम 5:45 की जगह 7:50 बजे रवाना हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ठंड और कोहरे के बने रहने की चेतावनी दी है।

जमशेदपुर का 499 तो धनबाद का AQI पहुंचा 603…

रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि नए साल के मौके पर राज्य में शीतलहर, घना कोहरा और पाले का असर देखने को मिलेगा। पलामू, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में दोपहर के समय भी शीतलहर चलने की संभावना है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
वहीं ठंड के साथ प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

रांची में अधिकतम/न्यूनतम तापमान 24/9 डिग्री और AQI 353 दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 25/11 डिग्री के साथ AQI 499 रहा। धनबाद में AQI 603 पहुंच गया, जबकि बोकारो में 400 और पलामू में 300 दर्ज किया गया।

Share This Article