रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जल्द ही इंग्लैंड जायेंगे। वहां वे मरांग गोमके ओवरसीज स्कॉलरशिप समेत अन्य विषयों पर व्याख्यान देंगे। उन्होंने ब्रिटिश सरकार का इंग्लैंड आने का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
उन्हें इंग्लैड आने का आमंत्रण गुरुवार को भारत में यूके के डिप्टी हाई कमिश्नर डॉ एंड्रयू फ्लेमिंग ने दिया जिसे उन्होंने स्वीकार किया। इंग्लैंड के दौरे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मरांग गोमके ओवरसीज स्कॉलरशिप, उच्च शिक्षा, पर्यटन, खेल और सस्टेनेबल माइनिंग प्रैक्टिस पर अपनी बातें रखेंगे।
गौरतलब है कि अपने झारखंड दौरे के क्रम में डॉ एंड्रयू फ्लेमिंग ने झारखंड के कई ख्यातनाम शख्सियतों से मुलाकात की है। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के अलावा डीजीपी अजय कुमार सिंह से बुधवार को मुलाकात की थी।







