Chennai sea accident
रांची/चेन्नई, एजेंसियां। चेन्नई के समुद्र तट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन नौसेना प्रशिक्षु तेज लहरों की चपेट में आ गए। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि रांची के रितेश प्रजापति समेत दो युवक अब भी लापता हैं। हादसे के बाद से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
क्या है मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश (तमिलनाडु), रितेश प्रजापति (रांची) और नवल (मुंबई) तीनों एकेडमी ऑफ मेरीटाइम एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (AMET), चेन्नई में नौसेना प्रशिक्षण के लिए चयनित हुए थे। रविवार को छुट्टी होने के कारण तीनों समुद्र तट घूमने पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने समुद्र में नहाने का फैसला किया। नहाते-नहाते वे अनजाने में गहरे पानी में चले गए, तभी अचानक समुद्र में तेज लहरें उठीं और तीनों युवक बह गए।
लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। चेन्नई पुलिस और गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद मुकेश को समुद्र से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।वहीं, रांची के तुपुदाना निवासी 20 वर्षीय रितेश प्रजापति और मुंबई निवासी नवल का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। दोनों की तलाश में समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन तेज लहरें और खराब मौसम राहत कार्य में बाधा बन रहे हैं।
परिजन का रो रो कर बुरा हाल है
रितेश के परिवार पर इस घटना ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। उनके पिता ऑटो चालक हैं और मां फुटवियर की दुकान चलाती हैं। रितेश मर्चेंट नेवी में प्रशिक्षण लेकर परिवार का भविष्य संवारने का सपना देख रहा था। बेटे के लापता होने की खबर से परिवार और मोहल्ले के लोग सदमे में हैं। परिजन चेन्नई रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि तलाश अभियान जारी रहेगा।
