हेमंत सोरेन के खिलाफ दिया था बयान
गढ़वा। पिछले दिनों रांची में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित सम्मेलन मे भवनाथपुर के विधायक व भाजपा नेता भानु प्रताप शाही द्वारा दिए गए बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। बयान को आदिवासी अस्मिता से जोड़ा जा रहा है।
इसी आलोक में रमना थाना में भानुप्रताप शाही पर मामला दर्ज कराया गया है। बहीयार कला निवासी राजेंद्र उरांव ने भानुप्रताप शाही के खिलाफ रमना थाना में आवेदन दिया है।
दिए गए आवेदन में राजेद्र ने आरोप लगाया है कि रांची में पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन मे विधायक भानुप्रताप शाही ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आदिवासी होने के कारण अपने संबोधन में गट्टा पकड़ कर कुर्सी से उतारने की बात कहते हुए अपने कार्यकर्ताओ से भी बार बार हामी भरवाते है।
यह सब आदिवासी मुख्यमंत्री को अपमानित करने के उदेश्य से किया गया है। जिसका प्रसारण इंटरनेट मीडिया के साथ साथ क्षेत्रीय और राष्ट्रीय मीडिया में भी हुआ है। मैने भी एक समाचार चैनल के एक्स प्लेटफार्म पर देखा है।
एक आदिवासी मुख्यमंत्री के संदर्भ में कही गई बातो से आदिवासी समुदाय आहत और रोष मे है। इस प्रकार के बयान से आदिवासी और गैर आदिवासी समुदाय में संघर्ष का खतरा बढ़ सकता है।
इधर रमना थाना ने एससी-एसटी व आईटी एक्ट सहित कई धाराओं मे मामला दर्ज किया है। पुलिस इंस्पेक्टर रत्न कुमार सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें
बाबूलाल बोले-झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ का है चीन कनेक्शन









