पश्चिमी सिंहभूम में रोड से 15 फीट नीचे गिरी गाड़ी, 10 मजदूर घायल, 4 गंभीर

2 Min Read

पश्चिमी सिंहभूम, एजेंसियां : पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव थाना क्षेत्र में सिलफोड़ा गांव के पास अनियंत्रित वाहन (कैंपर) पलटने से चालक समेत 10 मजदूर घायल हो गये। घटना रविवार की रात करीब 11:00 बजे की है।

जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर बिहार के अररिया जिले के हैं। वे कैंपर पर सवार होकर मझगांव- जैंतगढ़ मुख्य सड़क पर प्रधानमंत्री जल-नल योजना के तहत काम करते थे।

सभी मजदूर गाड़ी में सवार होकर बेनीसागर से मझगांव होते हुए आसनपाठ पंचायत भवन जा रहे थे जहां वे सभी रहते थे।

बताया जा रहा है कि कैंपर की रफ्तार काफी तेज होने के कारण चालक रोशन यादव मोड़ पर संतुलन खो बैठा। वाहन सड़क से 15 फीट नीचे गिर गया।

दुर्घटना में कई मजदूर को गंभीर चोटें आयी हैं। कई का हाथ- पैर टूट गया है। कइयों के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आयी हैं।

चार मजदूर किए गए रेफर

स्थानीय लोगों की सूचना पर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पहुंचे। घायलों को पुलिस मझगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लायी।

यहां चिकित्सा प्रभारी डॉ सनातन चातार ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। 4 गंभीर मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर किया गया।

मझगांव पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया। मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गयी है।

इसे भी पढ़ें

शिक्षा में सूचना-तकनीक व कृत्रिम मेधा के व्यापक प्रयोग पर चर्चा की विशेषज्ञों ने

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं