Ranchi civil court bomb threat
रांची। राजधानी रांची के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कोर्ट प्रशासन को धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर सिविल कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया और वहां मौजूद जज, वकील, कर्मचारी तथा आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान कुछ समय के लिए कोर्ट का कामकाज भी प्रभावित रहा।
जगुआर की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम भी पहुंचे
सूचना मिलते ही जगुआर की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी। कोर्ट भवन, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के इलाकों को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच की गई। पुलिस ने कोर्ट परिसर के आसपास बैरिकेडिंग कर दी और आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच शुरू कर दी।धमकी की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया है।
अधिकारी ईमेल के स्रोत, इस्तेमाल किए गए आईपी एड्रेस और इसके पीछे संभावित व्यक्ति या संगठन का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे सर्च ऑपरेशन की निगरानी की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।फिलहाल सिविल कोर्ट और उसके आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं और पूरे मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है।







