साहिबगंज में बोले बाउरी-हेमंत और आलमगीर के कारण बदनाम हुआ संताल

3 Min Read

साहिबगंज। नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि पूर्व सीएम हेमंत सोरेन और मंत्री आलमगीर आलम के कारण संताल परगना बदनाम हो गया है।

कहा कि इस बार एनडीए 400 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी। वहीं झारखंड की सभी 14 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के प्रत्याशी जीत रहे हैं।

बता दें कि नेता प्रतिपक्ष, झारखंड विधानसभा अमर कुमार बाउरी गुरुवार को साहिबगंज में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राजमहल, गोड्डा और दुमका लोकसभा चुनाव में 1 जून को मतदान होना है। इन सभी तीन सीटों पर 140 करोड़ जनता के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन 400 से अधिक सीट पर जीत हासिल करेगा। मोदी तीसरी बार देश की कमान संभालेंगे।

बाउरी ने कहा कि संताल परगना वर्तमान में देश दुनिया के मीडिया में सुर्खियों में है। क्योंकि संताल परगना में विशेष रूप से भ्रष्टाचार वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति झारखंड की झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी की सरकार कर रही है।

वर्ष 2019 में जब से राज्य में महाठगबंधन की सरकार आई है तब से लेकर आज तक राज्य के हर क्षेत्र में इस सरकार के नेताओं और अधिकारियों ने लूटने का काम किया है।

वहीं संताल परगना की बात करें तो बरहेट के विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में आज जेल में बंद है।

पाकुड़ से कांग्रेस के विधायक और कैबिनेट मंत्री आलमगीर आलम के कर्मचारियों के घर से 35 करोड रुपए बरामद किए गए।

आज पाकुड़, बरहेट सहित संताल परगना की जनता बदनाम हो रहा है, जिसका जवाब इस बार के आम चुनाव जनता देगी।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चांद भैरव, सिदो कान्हू, फूलों झानो जैसे क्रांतिकारी जिन्होंने हूल क्रांति की नींव इसी संताल परगना की पावन धरती से रखी थी, ऐसी पवित्र धरती को आज झारखंड सरकार कलंकित कर रही है।

आज भोगनाडी में जनजातीय संख्या घट गई है। वहीं बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों की संख्या संताल परगना में पिछले कुछ वर्षों में बढ़ कर 35% हो गयी है।

हिंदुओं की आबादी घटकर 11% हो गई है। पूरे देश में 8% हिंदू आबादी में कमी आई है जबकि 45% मुस्लिम आबादी बढ़ गई है।

आज के संवाददाता सम्मेलन में साहेबगंज जिला अध्यक्ष उज्ज्वल मंडल, बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के साहेबगंज जिला अध्यक्ष विनोद चौधरी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें

तोपचांची वाटर बोर्ड झील में डूबने से एक युवक की मौत

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं