रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को पत्र लिखा है।
पत्र के जरिए उन्होंने रामगढ़ के आदम सेना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि रामगढ़ के रजरप्पा में इन दिनों मुस्लिम युवाओं का एक संगठन आदम सेना सक्रिय है।
बाबूलाल ने इस कथित संगठन के खिलाफ तुरंत एक्शन लेने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि आदम सेना के सदस्य मुस्लिम युवतियों को दूसरे धर्म के लोगों से बात करने से रोकते हैं। चेतावनी देते हैं। साथ ही उनको बिना बुर्का के घर से बाहर निकलने पर भी धमकी दी जा रही है।
आरोप है कि आदम सेना के लोग बात नहीं मानने वाली मुस्लिम महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शारीरिक तौर पर भी प्रताड़ित करने की धमकी दे रहे हैं।
आदम सेना तब चर्चा में आया जब एक मुस्लिम महिला ने संगठन के खिलाफ रजरप्पा पुलिस से शिकायत की।
हालांकि मामले की आरंभिक जांच में पुलिस ने इसे जमीन विवाद जुड़ा मामला बताया है। वहीं, शिकायतकर्ता मुस्लिम महिला ने पुलिस को दी गयी अर्जी में बताया है कि गांव के ही युवक साबिर ने पिछले साल उसके साथ छेड़खानी की और रेप का प्रयास किया।
जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गयी और जान से मारने की धमकी दी गयी। कुछ लोगों ने इस युवक को कथित तौर पर आदम सेना का सदस्य बताया है।
क्या कहा बाबूलाल मरांडी में
मरांडी ने सीएम चंपाई सोरेन को संबोधित करते हुए दिये बयान में कहा, झारखंड में पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे मुस्लिम महिलाओं पर जबरन शरिया कानून थोपने का काम चल रहा है।
आदम सेना नामक गिरोह बनाकर कुछ असामाजिक तत्व मुस्लिम महिलाओं को हिन्दुओं से बातचीत नहीं करने का दबाव बनाते हुए घरों में घुसकर छेड़खानी भी कर रहे हैं। सीएम ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
इसे भी पढ़ें








