अनुराग गुप्ता नये डीजीपी, क्यों हटाये गये अजय कुमार सिंह ? [Anurag Gupta is the new DGP, why was Ajay Kumar Singh removed?]

4 Min Read

रांची। 1999 बैच के आईपीएस अनुराग गुप्ता झारखंड के नये डीजीपी बनाये गये हैं। वहीं डीजीपी पद से हटाने के बाद अजय कुमार सिंह को पुलिस हाउसिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले इस बदलाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

हालांकि अचानक ही यह बदलाव क्यों हुआ, इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है, पर यह सब कुछ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ही किया गया है, यह तय है।

बता दें कि कुछ ऐसे ही लोकसभा चुनाव से छह महीना पहले राज्य के मुख्य सचिव को बदल दिया गया था।

तब सुखदेव सिंह को हटाकर एल खियांग्ते को नया मुख्य सचिव बनाया गया था और सुखदेव को एटीआइ का महानिदेशक नियुक्त किया गया था। ठीक वैसे से इस बार विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे के टाप आर्डर को बदल दिया गया है।

अनुराग गुप्ता अभी सीआईडी डीजी हैं और एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के डीजी भी रह चुके हैं। साल 2022 में अनुराग गुप्ता को डीजी रैंक मिला था। डीजी रैंक मिलने के बाद सबसे पहले उन्हें डीजी ट्रेनिंग बनाया गया था।

अजय कुमार सिंह पुलिस हाउसिंग भेजे गए

इससे पहले डीजीपी पद पर तैनात अजय कुमार सिंह को झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड का अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

वहीं एक अन्य सीनियर आईपीएस अधिकारी प्रशांत कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक संचार और तकनीकी सेवाएं रांची के पद पर पुलिस महानिदेशक के कोटि में उत्क्रमित करते हुए पुलिस महानिदेशक संचार और तकनीकी सेवाएं रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।

अजय कुमार सिंह फरवरी 2023 में बने थे डीजीपी

अजय कुमार सिंह 1989 बैच के अधिकारी हैं, पिछले साल फरवरी में उन्हें झारखंड का डीजीपी बनाया गया था। उससे पहले वो एसीबी में डीजी के पद पर पोस्टेड थे। डीजीपी झारखंड बनने से पहले वो पुलिस हाउसिंग में एमडी थे।

अजय कुमार सिंह ने राज्य के अलग-अलग विभागों में एडीजीपी रैंक पर सेवा दी है। वो सीआईडी, स्पेशल ब्रांच और रेल में भी सेवा दे चुके हैं। अजय कुमार सिंह हजारीबाग और धनबाद के एसपी भी रह चुके हैं।

अनुराग गुप्ता रांची, गढ़वा और हजारीबाग में एसपी रहेः

अनुराग गुप्ता झारखंड पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। गढ़वा, हजारीबाग एसपी और रांची के एसएसपी के पद पर रहते हुए उन्होंने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। इसके अलावा वह बोकारो रेंज के डीआईजी के पद पर भी लंबे समय तक कार्यरत रहे हैं।

एडीजी स्पेशल ब्रांच के पद पर लंबा अनुभवः

झारखंड पुलिस मुख्यालय में अनुराग गुप्ता को एडीजी स्पेशल ब्रांच के पद का लंबा अनुभव है। सीआईडी डीजी रहते हुए उन्होंने कई साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर अपनी योग्यता सिद्ध की है।

इसे भी पढ़ें

झारखंड में 61 BDO का ट्रांसफर 

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं