SC के फैसले के बाद बाबूलाल ने बोला हमला, कहा-पैसा और परिवार के लिए राजनीति करता है सोरेन परिवार

3 Min Read

रांची। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शिबू सोरेन परिवार पर हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि पैसा और परिवार की स्वार्थपूर्ति के लिए शिबू सोरेन परिवार राजनीति करता है।

सोमवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज के फैसले से शिबू सोरेन परिवार की सच्चाई उजागर हो गई है।

मरांडी ने मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित सात जजों के संविधान पीठ के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इस केस के शिकायत कर्त्ता में वे स्वयं शामिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड से जुड़ा यह मामला 2012के राज्यसभा चुनाव से जुड़ा है, जिसमे झामुमो विधायक सीता सोरेन के ठिकानों से पैसे बरामद हुए थे।

सीबीआई ने उन पर आपराधिक मामला दर्ज किया था। सीता सोरेन ने अपने बचाव में हाईकोर्ट में अपील की।

हाईकोर्ट में रद्द होने के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा और आज मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित सात जजों के संविधान पीठ ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया।

मरांडी ने कहा कि यह फैसला कई मिथक को तोड़ने वाला है। चाहे सदन हो या कहीं और यदि मामला आपराधिक है तो आपराधिक ही माना जायेगा। कोई पैसा लेकर सवाल पूछे या वोट दे ये सभी अपराध हैं।

उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन परिवार ने इस मामले में इतिहास रचा है। एमएलए, एमपी बनकर शिबू सोरेन परिवार ने पैसा लूटने का कोई अवसर नहीं छोड़ा है।

उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का राजनीतिक उद्देश्य है केवल पैसा कमाना और लूटना। इनकी राजनीति जनता के लिए नही बल्कि परिवार के स्वार्थ की पूर्ति हेतु है।

उन्होंने कहा कि यह परिवार पहले पैसा,जमीन,खान खनिज लूटता है और फिर पकड़े जाने पर उसे वापस करने का नाटक करता है।

बाबूलाल ने कहा कि हेमंत सोरेन ने पहले मुख्यमंत्री रहते अपने नाम खदान आवंटित किया फिर उसे रद्द कर दिया।

8.5एकड़ जमीन का मामला जब उजागर हुआ, तो आनन फानन में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करते हुए जमीन को मूल रैयत को वापस करने का प्रयास किया।

एक तरफ लोग चिल्ला कर कह रहे यह जमीन हेमंत सोरेन की है। मनी लांड्रिंग तो यही होता है जिसमे बेनामी संपत्ति अर्जित की जाती है।

शिबू सोरेन तो लोकपाल को पुराना मामला बताकर रिलीफ की मांग कर रहे है। मरांडी ने कहा कि चोरी जब पकड़ी जायेगी, तभी सजा मिलती है। समय बीत जाने से अपराध कम नहीं हो जाता।

उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन परिवार पहली दफा नही बल्कि कई बार राज्यसभा चुनाव में पैसे की वसूली का रिकॉर्ड बना चुका है।

प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक,प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें

अनंत-राधिका प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन संपन्न, स्टेज पर झूमे शाहरुख-सलमान

Share This Article
Exit mobile version