रांची। झारखंड के 47 मजदूर, जो कैमरून में एक कंपनी में काम करते हुए फंसे थे, अब सुरक्षित घर लौट आए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य सरकार ने इन मजदूरों की मदद के लिए तुरंत कार्रवाई की। 29 दिसंबर को 11 मजदूर झारखंड पहुंचे थे और गुरुवार को 27 अन्य मजदूर लौटे। शेष आठ मजदूर भी जल्द रांची पहुंचेंगे।
कंपनी और बिचौलियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
मजदूरों ने शिकायत की थी कि उन्हें वेतन नहीं मिल रहा था और कंपनी का व्यवहार भी ठीक नहीं था। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद राज्य सरकार ने प्रेषण कक्ष से मामले की जांच करवाई और कंपनी से बातचीत की। श्रम विभाग ने कंपनी और बिचौलियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी है, साथ ही मजदूरों का बकाया वेतन ₹39,77,743 भी दिलवाया गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मजदूरों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया है ताकि भविष्य में उन्हें आवश्यक सहायता मिल सके।
इसे भी पढ़ें