Ranchi Bada Talab land issue
रांची। रांची के रिम्स से अतिक्रमण हटने के बाद अब जलाशयों से अतिक्रमण हटाने की बारी। झारखंड हाईकोर्ट ने बड़ा तालाब से अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त निर्देश दिए है। इसी क्रम में सोमवार को अपर प्रशासक संजय कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने रांची स्थित बड़ा तालाब और उसके आसपास की भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थल का भौतिक सत्यापन, फीता से मापी और ड्रोन के माध्यम से एरियल मैपिंग कराई गई जहां करीब 36 एकड़ जमीन के गायब होने का खुलासा हुआ।
बता दे नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार बड़ा तालाब पहले करीब 53 एकड़ क्षेत्रफल में फैला हुआ था, लेकिन वर्तमान स्थिति में तालाब का दायरा सिमटकर लगभग 17 एकड़ रह गया है। प्रारंभिक जांच और मापी में करीब 36 एकड़ जमीन के गायब होने का खुलासा हुआ है, जिस पर अतिक्रमण की आशंका जताई जा रही है। इस गंभीर मामले को देखते हुए स्थानीय अंचल अधिकारी (सीओ) को दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
अवैध निर्माणों पर गिर सकती है गाज
यदि नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाती है, तो बड़ा तालाब क्षेत्र के आसपास बने कई आवासीय मकान, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान प्रभावित हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि पक्की सड़क के बाद कई निर्माण किए गए हैं, जो अवैध पाए जाने पर ध्वस्त किए जा सकते हैं।
युद्धस्तर पर जांच और अभियान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अपर प्रशासक ने नगर निगम की टीम को निर्देश दिया कि क्षेत्र में अवैध दुकानों, भवनों और अन्य संरचनाओं की युद्धस्तर पर जांच की जाए। साथ ही भवन प्लान, होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस की भी गहन जांच कर अतिक्रमण-मुक्ति के लिए लगातार अभियान चलाने को कहा गया है।
अंचल टीम के साथ दोबारा होगी मापी
अपर प्रशासक संजय कुमार ने अंचल कार्यालय के साथ समन्वय कर पूरे 53 एकड़ क्षेत्र की वैज्ञानिक और विधिवत मापी कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि तथ्यों के आधार पर नगर निगम ठोस और कानूनी कार्रवाई कर सके।








