झारखंड में 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति होगी

4 Min Read

मई में नियुक्ति का विज्ञापन हो सकता है जारी

रांची। झारखंड के प्रारंभिक और माध्यमिक स्कूलों में जल्द ही शिक्षकों की नियुक्ति होगी। जिलावार रोस्टर की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। नियुक्ति के लिए राज्य शिक्षा परियोजना को रोस्टर क्लियर कर जिला से 25,996 पदों पर नियुक्ति की अधियाचना भेज दी गयी है। मई के पहले सप्ताह में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को यह अधियाचना भेज दी जाएगी। वहीं उम्मीद जतायी जा रही है कि मई के दूसरे सप्ताह तक नियुक्ति का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।

50 हजार पद हुए हैं सृजित

दिवंगत जगरनाथ महतो के रहते हुए प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में 50 हजार शिक्षकों की नियुक्ति के लिए पद सृजित हुए थे।

तब जिलों को विभाग से भेजे गए निर्देश में आरक्षण रोस्टर क्लियर करने को कहा गया था। इनमें कक्षा एक से पांच के लिए 20,825 और कक्षा छह से आठ के लिए 29,175 पद शामिल थे।

प्रक्रिया होती रही बाधित

राज्य में दूसरी बार ऐसा हो रहा है, जब आरक्षण रोस्टर क्लियर कर नियुक्ति की अधियाचना भेजी गयी है। पहली बार सितंबर 2022 में भी जिलों को निर्देश दिया गया था।

तब जिलों ने आरक्षण रोस्टर क्लियर कर नियुक्ति की अधियाचना विभाग को भेजी थी, पर उसमें इडब्लूएस आरक्षण का प्रावधान नहीं था। इस कारण नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं हो पायी थी।

अब जो आरक्षण रोस्टर क्लियर किया गया है, उसमें 10 फीसदी आरक्षण इडब्ल्यूएस के लिए तय किया गया है।

आधी सीटें पारा शिक्षकों के लिए

25,996 पदों पर नियुक्ति की जो अधियाचना जारी की गयी है, उसमें आधी सीटों पर पारा शिक्षकों को मौका मिलेगा।

आरक्षण रोस्टर के मुताबिक 13 हजार पद पर सीधी नियुक्ति होगी, जबकि शेष 13 हजार पारा शिक्षक व बीआरपी-सीआरपी, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के शिक्षकों के लिए आरक्षित होंगे।

सीधी नियुक्ति के 13 हजार पद में से राज्य सरकार के आरक्षण प्रावधान के अनुरूप 60 फीसदी पद आरक्षित होंगे। वहीं इस नियुक्ति में साल 2013 और 2016 में टेट पास उम्मीदवार भी शामिल हो सकेंगे।

जिलावार रिक्तियां

जिला – एक से पांच – छह से आठ

बोकारो – 470 – 498

चतरा – 958 – 779

देवघर – 627 – 725

धनबाद – 517 – 588

दुमका – 730 – 932

गढ़वा – 441 – 521

गिरिडीह – 977 -1361

गोड्डा – 464 – 597

गुमला – 409 – 630

हजारीबाग – 436 – 548

जामताड़ा – 333 – 476

खूंटी – 252 – 323

कोडरमा – 213 – 316

लातेहार – 341 – 469

लोहरदगा – 168 – 232

पाकुड़ – 308 – 409

पलामू – 795 – 1608

पश्चिमी सिंहभूम – 637 – 735

पूर्वी सिंहभूम – 479 – 630

रामगढ़ – 188 – 232

रांची – 617 – 818

साहिबगंज – 392 – 523

सरायकेला-खरसांवा – 457 – 704

सिमडेगा – 246 -347

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं