धनबाद। धनबाद पुलिस ने कोलकाता से मुजफ्फरपुर जा रही बस से एक करोड़ से अधिक कीमत के जेवर की चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के धार जिला के मनावर थाना क्षेत्र के खेरवा जागीर गांव से चोर गिरोह के सरगना अकरम खान को गिरफ्तार किया है।
चोरी किये गये गहने और रुपये बरामदः
पुलिस ने उसके पास से एक करोड़ से अधिक मूल्य के सोना-चांदी और हीरे के आभूषण, रेडो कंपनी के दो डायमंड वॉच (एक-एक घड़ी की कीमत 5-5 लाख), टाइटेनिक कंपनी की एक घड़ी और दो लाख रुपए नगद बरामद कर लिए। अकरम ने गहने जमीन में गाड़ कर रखा था।
पिछले साल हुई थी चोरीः
दरअसल, चोरी की घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र में 19 दिसंबर 2024 की रात न्यू मां तारा रेस्टोरेंट पर रुकी बस में हुई थी। चोरी की शिकायत मुजफ्फरपुर के रहने वाले मोतिऊर रहमान ने गोविंदपुर थाने में की थी।
गांव में इस तरह के कई गिरोहः
डीएसपी शंकर कामती और थाना प्रभारी रुस्तम अली ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य और सूचनाओं के आधार पर पुलिस एमपी पहुंची। वहां अपराधी पकड़ा गया। पुलिस ने चोरी के गहने व अन्य सामान बरामद कर लिया।
इधर, पकड़े गए अपराधी से पुलिस को कई अहम जानकारी मिली। पता चला कि गांव में इस तरह के कई गिरोह हैं। घटना को अंजाम देने के बाद वह जेवर को चार से पांच महीने के लिए जमीन में गाड़ देते थे। जब मामला शांत हो जाता था तो वह खरीद बिक्री के अलावा आभूषण को गलाने का काम करते थे।
इसे भी पढ़ें








