जमशेदपुर। आदिवासी सुरक्षा परिषद कल्पना सोरेन के बयान से नाराज है। परिषद के अध्यक्ष रमेश हांसदा ने झामुमो विधायक कल्पना सोरेन के बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने बताया कि विधायक ने विधानसभा में दिये अपने वक्तव्य में कहा था कि किसी आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाने से समाज का नहीं, बल्कि व्यक्तिगत विकास हुआ है।
रमेश हांसदा ने मांग की है कि विधायक को सदन में दिये इस वक्तव्य पर माफी मांगनी चाहिए।
कुछ आदिवासी परिवारों का ही विकास हुआः
रमेश हांसदा ने मीडिया से कहा कि कल्पना सोरेन का बयान उनके स्वयं पर ही सटीक बैठता है। उन्होंने कहा कि जब राज्य का मुखिया भी एक आदिवासी है, तो यह कहना कि आदिवासी समाज का विकास नहीं हुआ, केवल एक राजनीतिक बयान है। सच्चाई यह है कि आदिवासी समाज का नहीं, बल्कि केवल कुछ व्यक्तियों और उनके परिवार का विकास हुआ है।
व्यक्तिगत और पारिवारिक राजनीति का आरोपः
हांसदा ने कुछ नेताओं द्वारा व्यक्तिगत लाभ लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि सबको पता है कि मुख्यमंत्री रहते हुए स्वयं के लिए जमीन लीज पर ली गयी थी। आदिवासी इंडस्ट्रियल जमीन के आवंटन की योजना के तहत सरकार ने कल्पना सोरेन के नाम पर भी जमीन आवंटित कर दी। उन्होंने कल्पना सोरेन पर व्यक्तिगत और पारिवारिक राजनीति करने का भी आरोप लगाया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संघर्ष की सराहनाः
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जंगल से निकलकर विधायक, मंत्री, फिर राज्यपाल और अंततः देश की राष्ट्रपति बनने तक का सफर तय किया है, जो किसी के लिए भी आसान नहीं है।
पेसा कानून लागू नहीं हुआः
हांसदा ने कहा कि पेसा कानून की नियमावली बने हुए 5 साल हो गये, लेकिन आदिवासी संस्कृति पर लगातार हमले हो रहे हैं और फिर भी आदिवासी नेतृत्व चुप बैठा है। उन्होंने कहा कि कल्पना सोरेन का बयान उनके स्वयं के ऊपर ही लागू होता है और उन्हें इसे आत्मविश्लेषण करना चाहिए। मौके पर राम सिंह मुंडा, जयपाल मुर्मू, विशु महतो आदि उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें
कल्पना सोरेन से महिला समूहों की मुलाकात, महिला सशक्तिकरण पर जोर
