Ranchi power crisis: रांची में बिजली संकट खत्म करने की तैयारी, नामकुम-टाटीसिलवे में लगेंगे स्मार्ट सब स्टेशन

3 Min Read

Ranchi power crisis

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में बिजली संकट से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। शहर के नामकुम और टाटीसिलवे इलाके में स्मार्ट पावर सब स्टेशन और नया ग्रिड स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। यह परियोजना केंद्र सरकार की Revamped Distribution Sector Scheme (आरडीएसएस) के तहत लागू की जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नामकुम के केतारी बगान क्षेत्र और टाटीसिलवे में स्वर्णरेखा नदी के पास प्रस्तावित स्थलों पर सब स्टेशन बनाए जाने की योजना है। फिलहाल जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है।

लोड शेडिंग से मिलेगी राहत

नामकुम और चुटिया क्षेत्र में वर्तमान में बिजली लोड काफी अधिक है, जिसके कारण बार-बार लोड शेडिंग, जंपर उठने और फ्यूज उड़ने जैसी समस्याएं सामने आती हैं। गर्मी के मौसम में यह परेशानी और बढ़ जाती है। नए सब स्टेशन बनने से इन क्षेत्रों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होगा और बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर हो सकेगी। टाटीसिलवे, जो अक्सर कटौती से प्रभावित रहता है, वहां भी निर्बाध सप्लाई की उम्मीद जताई जा रही है।

दूसरे चरण में शुरू होगा निर्माण

बिजली विभाग के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार ने बताया कि आरडीएसएस योजना का पहला चरण प्रगति पर है, जबकि दूसरे चरण में सब स्टेशन और ग्रिड निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना की योजना भविष्य की बढ़ती आबादी और बिजली खपत को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, ताकि आने वाले वर्षों में भी आपूर्ति बाधित न हो।

हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ

इन परियोजनाओं से नामकुम, चुटिया और टाटीसिलवे समेत आसपास के कई रिहायशी और औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा फायदा मिलेगा। विभाग का दावा है कि स्मार्ट सब स्टेशन बनने के बाद बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित, तकनीकी रूप से उन्नत और स्थिर होगी। इससे ट्रिपिंग और फॉल्ट की घटनाएं कम होंगी तथा वोल्टेज की गुणवत्ता में सुधार होगा।

जमीन की उपलब्धता बनी चुनौती

परियोजना के सामने सबसे बड़ी चुनौती सरकारी जमीन की उपलब्धता है। उपयुक्त जमीन नहीं मिलने की स्थिति में योजना को अन्य डिविजन में स्थानांतरित करने की संभावना भी जताई जा रही है।

कोकर में दो महीने में तैयार होगा नया सब स्टेशन

इधर Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited की ओर से कोकर डिविजन कार्यालय परिसर में एक नया पावर सब स्टेशन अंतिम चरण में है। लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह सब स्टेशन अगले दो महीनों में चालू होने की संभावना है। इसके शुरू होते ही कोकर, लालपुर, बरियातू और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति और वोल्टेज गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

Share This Article