Ranchi municipal election 2026:
रांची। राजधानी रांची में सोमवार सुबह 8:42 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होते ही मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर निगम के 53 वार्डों में बनाए गए सभी मतदान केंद्रों पर लोग बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे।
सबसे पहले एटीआई सभागार स्थित मतदान केंद्र पर जितेंद्र कुमार ने वोट डालकर “फर्स्ट वोटर” बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने मीडिया से कहा कि मतदान करना हर नागरिक का सबसे जरूरी कर्तव्य है। “छोड़-छाड़ के सब काम पहले करें, मतदान सबसे पहले। जब से मैं वोटर बना हूं, आज पहली बार अपने मत का इस्तेमाल कर रहा हूं। मैं हमेशा चुनाव में सबसे पहले वोट देने की कोशिश करता हूं,” उन्होंने कहा। करीब 55 वर्षीय जितेंद्र कुमार हर चुनाव में इस परंपरा को निभाते आ रहे हैं।
हर वर्ग के मतदाता पहुंचे बूथ
शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही लंबी कतारें नजर आईं। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचीं। मतदाताओं का कहना है कि वे सक्रिय रूप से अपनी सरकार चुनने में भागीदारी निभाना चाहते हैं।
909 बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रांची नगर निगम के 53 वार्डों के लिए कुल 909 बूथ बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदाताओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। कुछ बूथों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां मतदाता अपने खास पल को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। मतदान को लेकर पूरे शहर में उत्साह और लोकतांत्रिक भागीदारी की झलक साफ दिखाई दे रही है।







