Jamtara fire news
जामताड़ा। शहर के व्यस्त इलाके सुभाष चौक स्थित एक हार्डवेयर दुकान में शुक्रवार को भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इलाके में कई धमाकों की आवाजें गूंजने लगीं। इस हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
जानकारी के अनुसार सुभाष चौक स्थित अग्रवाल ट्रेडर्स नामक दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान के सामने लगे बिजली के पोल के तार से अचानक चिंगारी निकलने लगी। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी दुकान तक पहुंच गई। दुकान में बड़ी मात्रा में रखे प्लास्टिक पाइप ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग विकराल हो गई।
स्प्रे पेंट के डब्बों में हुए धमाके
दुकान में रखे स्प्रे पेंट के कई डब्बे आग की चपेट में आने के बाद एक-एक कर फटने लगे। इससे इलाके में जोरदार धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और कई लोग घरों व दुकानों से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लाखों रुपये का हुआ नुकसान
हालांकि आग बुझाने तक दुकान में रखा हार्डवेयर का सामान, प्लास्टिक पाइप और पेंट के डब्बे पूरी तरह जल चुके थे। अनुमान है कि इस आगजनी में दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रशासन की तत्परता की सराहना
मौके पर मौजूद समाजसेवी इरशाद उल हक आरसी ने बताया कि आग बहुत तेजी से फैल रही थी, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम समय पर पहुंच गई, जिससे आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की।








