Jharkhand workers in Dubai
रांची। दुबई में हालिया हमलों के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। एयरपोर्ट बंद होने के कारण झारखंड के करीब 100 लोग वहां फंस गए हैं। ये सभी एक निजी कंपनी के कॉर्पोरेट टूर पर दुबई गए थे। अचानक बिगड़े हालात के कारण उनकी वापसी टल गई है और फिलहाल वे होटल में ठहरे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार, यह समूह झारखंड के रांची, जमशेदपुर, पलामू, गिरिडीह, चतरा और खूंटी जिलों से गया था। इनमें कंपनी के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि कई लोग अपने परिवार के साथ भी शामिल थे। यह यात्रा जहां आनंद और अवकाश के लिए थी, वहीं अब चिंता और अनिश्चितता का कारण बन गई है।
एयरपोर्ट बंद होने के कारण फसें लोग
फंसे लोगों में से रांची के एक व्यक्ति ने सुरक्षा कारणों से अपनी पहचान गुप्त रखते हुए एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में होटल की बालकनी से दूर धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। उन्होंने बताया कि वे 28 तारीख को अबू धाबी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से रांची लौटने वाले थे, लेकिन हमलों के बाद एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। बाद में उन्हें दुबई लाकर होटल में ठहराया गया। उनका कहना है कि होटल के भीतर वे सुरक्षित हैं, लेकिन बाहर के हालात को लेकर डर का माहौल बना हुआ है।
भारत सरकार से सुरक्षित निकासी की अपील
फंसे हुए लोगों ने भारत सरकार से सुरक्षित निकासी की अपील की है। इधर, झारखंड में उनके परिजन लगातार संपर्क में बने हुए हैं और सरकार से त्वरित हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। सभी की नजरें अब केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि जल्द से जल्द सभी को सुरक्षित स्वदेश लाया जा सके।







