Fire incident in Jharkhand: जामताड़ा में यज्ञशाला में देर रात लगी आग, मिहिजाम में मची अफरा-तफरी

2 Min Read

Fire incident in Jharkhand

जामताड़ा। निकाय चुनाव की जीत का जश्न अभी थमा भी नहीं था कि मिहिजाम में कानगोई रेलवे फाटक के पास स्थित एक यज्ञशाला में अचानक आग लग गई। वार्ड नंबर 19 में शिव मंदिर के बगल में बनी इस यज्ञशाला में आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

रात के समय लगी आग

मिली जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार देर रात की है। यज्ञशाला के ऊपरी हिस्से में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देख तुरंत मौके पर पहुंचकर बाल्टी और पानी की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

एक साल पहले हुई थी प्राण प्रतिष्ठा

बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पहले ही इस शिव मंदिर में भव्य तरीके से प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यज्ञ-पूजा के लिए बनाई गई यज्ञशाला बांस और बिचाली से तैयार की गई थी। आग लगने से यज्ञशाला का ऊपरी गुंबदनुमा हिस्सा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

भीड़ जुटी, मिलकर बुझाई आग

आग लगते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में यज्ञशाला के पास जमा हो गए। कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही, लेकिन लोगों के सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आतिशबाजी से आग लगने की आशंका

स्थानीय लोगों का मानना है कि निकाय चुनाव में जीत के बाद निकाले गए विजय जुलूस के दौरान की गई आतिशबाजी के कारण यह आग लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के सही कारणों का अब तक आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चा और तरह-तरह की अटकलों का दौर जारी है।

Share This Article