Godda Bank Robbery Attempt: गोड्‌डा में बैंक लूट की कोशिश, गार्ड को लगी गोली

2 Min Read

Godda Bank Robbery Attempt:

गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में दिनदहाड़े लूट की कोशिश की गई। इस दौरान एक अपराधी ने बैंक के गार्ड विनोद कुमार सिंह पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, हेलमेट पहने दो लोगों ने बैंक में घुसने का प्रयास किया। जब गार्ड विनोद कुमार सिंह ने उन्हें रोककर हेलमेट हटाने को कहा, तो अपराधियों में से एक ने उस पर गोली चला दी। गोली गार्ड के कंधे के पास लगी। घायल गार्ड विनोद कुमार सिंह को तुरंत महागामा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

एक अपराधी पहले से ही बैंक के अंदर बैठा थाः

प्रत्यक्षदर्शियो से मिली जानकारी के मुताबिक, डकैती के प्रयास में तीन शख्स शामिल थे। एक पहले से ही बैंक के अंदर बैठा था तो दो हेलमेट लगाकर अंदर आ रहे थे। इधर, गार्ड को गोली मारने के बाद अपराधियों ने भागते समय दो राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिसः

बैंक कर्मियों ने घटना की सूचना महागामा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही महागामा इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो और थाना प्रभारी मनोज पाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

Share This Article