Dhanbad Mahuda Station Accident:
धनबाद। जिले के महुदा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सोनू गोप के रूप में हुई है, जो महुदा थाना क्षेत्र के कपूरिया रूदी गांव के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार, सोनू गोप गोमो स्टेशन से गोमो-खड़गपुर पैसेंजर ट्रेन से अपने गांव लौट रहे थे। वह अपनी बहन के घर से वापस आ रहे थे। महुदा स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही उन्होंने जल्दबाजी में उतरने की कोशिश की। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेल प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ जवानों और रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत रेलवे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) रेफर कर दिया।
सोनू के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं
SNMMCH में जांच के दौरान पता चला कि सोनू के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, खासकर दाहिने पैर की उंगलियां कट गई हैं। बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उन्हें रांची स्थित रिम्स भेज दिया।परिजनों के अनुसार, सोनू मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस हादसे से परिवार सदमे में है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से चलती ट्रेन से चढ़ने-उतरने में सावधानी बरतने की अपील की है।







