Coimbatore Ranchi train demand:
रांची। पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने कोयंबटूर और रांची (हटिया) के बीच प्रस्तावित दैनिक ट्रेन सेवा के जल्द परिचालन की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को पत्र भेजकर आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है।
अपने पत्र में पोद्दार ने कहा है कि कोयंबटूर और रांची (हटिया) के बीच प्रस्तावित रेल सेवा की घोषणा का झारखंड और तमिलनाडु के लोगों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि यह ट्रेन सेवा दोनों राज्यों के बीच सामाजिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
श्रमिकों, मरीजों और छात्रों को लाभः
उन्होंने बताया कि इस रेल सेवा के शुरू होने से श्रमिकों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा व्यापार और उद्योग से जुड़े लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा का लाभ मिलेगा।
इसके अलावा दक्षिण भारत के प्रमुख औद्योगिक और चिकित्सा केंद्रों से सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगाः
पोद्दार ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि इस ट्रेन सेवा के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को आवागमन के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा।
उन्होंने उपराष्ट्रपति से आग्रह किया कि इस बहुप्रतीक्षित ट्रेन सेवा के शीघ्र संचालन के लिए संबंधित मंत्रालय और रेलवे अधिकारियों से आवश्यक पहल कराई जाए, ताकि झारखंड और तमिलनाडु के नागरिकों को जल्द से जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।
इस संबंध में दक्षिण पूर्व रेलवे के जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि कोयंबटूर–रांची (हटिया) के बीच प्रस्तावित ट्रेन सेवा को लेकर लगातार मांग उठ रही है और इसके जल्द शुरू होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को लाभ मिलेगा।








