रांची में कांके का पारा 2.4 डिग्री
रांची। पूरा झारखंड इन दिनों हाड़ कंपा देने वाली ठंड झेल रहा है। कश्मीर और हिमाचल में हो रही बर्फबारी के चलते राज्य शीतलहर की चपेट में है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी राज्य में इस शीतलहर का कहर जारी रहेगा।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक रांची में रविवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। कांके का पारा 2.4 और नामकुम-मैक्लुस्कीगंज का 2.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। रांची का पारा 2.8 डिग्री गिरकर 7.6 डिग्री पर पहुंच गया है। सोमवार को सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं।
दिसंबर के दूसरे सप्ताह में पहली बार ऐसी ठंडः
मौसम विभाग के पिछले सालों के आंकड़े को देखें तो पिछले चार साल में दिसंबर के दूसरे सप्ताह में पहली बार ऐसी हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। तापमान गिरने से रांची के कांके, मैक्लुस्कीगंज, नामकुम सहित अन्य क्षेत्रों में खेतों में पुआल और पेड़-पत्तों पर ओस की बूंदें जमने लगी हैं। कनकनी में काफी बढ़ोतरी हो गई है।
शीतलहर का यलो अलर्ट जारीः
इधर, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में शीत लहर से जन-जीवन हलकान हो रहा है। मौसम विभाग ने इन जिलों में शीत लहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
बढ़ती ठंड का असर ऐसा है कि गढ़वा का पारा 4 डिग्री तो खूंटी-लोहरदगा का 4.1 और जगन्नाथपुर का 4.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ठंडी हवा से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बर्फीली हवा से तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। राज्य के 22 जिलों का पारा 10 डिग्री से नीचे आ गया है।
कुछ जिलों में 5 डिग्री के नीचे है। मंगलवार से तापमान में बढ़ोतरी से ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।’
इसे भी पढ़ें
कश्मीर के 9 जिलों में पारा शून्य से नीचे, सबसे कम जोजिला में -19°C