रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन की कार्रवाई सोमवार तक के लिए स्थगित हो गई है।
शुक्रवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गयी। स्पीकर ने इस बीच सदन को सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया है।
अब सदन की कार्यवाही सोमवार को चलेगी। सदन में पहला दिन काफी हंगामेदार रहा। भाजपा विधायकों ने पेपर लीक घोटाले और रामगढ़ की हाजत में युवक की मौत पर जमकर बवाल काटा।
पहले उन्होंने सदन के बाहर पेपर लीक की सीबीआइ जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। फिर सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अंदर वेल में आकर हंगामा किया।
इससे पहले विगत दिनों में दिवंगत हुए नेता, कलाकार एवं अन्य के लिए शोक संदेश पढ़ा गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई |
वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए सदन में 4,981 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। झारखंड की मौजूदा चंपाई सोरेन सरकार का पहला बजट है।
बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 2 मार्च तक चलेगा।
इन्हें दी गई श्रद्धांजलि
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने शोक संदेश पढ़ा। उन्होंने जमुआ विधानसभा के पूर्व विधायक चंद्रिका महथा को श्रद्धांजलि दी। उनका 28 जनवरी को निधन हो गया था।
मुंगेर के पूर्व लोकसभा सांसद ब्रह्मानंद मंडल का 30 जनवरी को निधन हो गया था। बिहार विधानसभा के पूर्व सदस्य गुणानंद झा का भी 30 जनवरी को निधन हो गया। सदन में उन्हें भी श्रद्धांजलि दी गई।
साथ ही, बिहार विधानसभा के पूर्व सदस्य सरयुग मंडल और कानून जगत में पितामह कहे जाने वाले फली एस नरीमन को भी श्रद्धांजलि दी गई।
सदन के बाहर भी हंगामा
इससे पहले भाजपा विधायकों ने विधानसभा गेट के सामने प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे भाजपा विधायकों ने JSSC-CGL परीक्षा में गड़बड़ी मामले की सीबीआई से जांच करने की मांग की।
इसे भी पढ़ें