रांची। जैसे जैसे विधानसभा चुनाव निकट आ रहे हैं, वैसे वैसे सियासी चाले चली जा रही हैं। अब जेएलकेएम नेता जयराम महतो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सियासी चालों का खुलासा कर रहे हैं।
उनका दावा है कि हेमंत सोरेन अगला विधानसभा चुनाव संथाल परगना नहीं, बल्कि कोल्हान में लड़ेंगे।
उनका कहना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब कोल्हान में सुरक्षित विधानसभा सीट की तलाश में हैं।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष जय राम महतो ने यह दावा चक्रधरपुर में आयोजित ‘बदलाव संकल्प सभा’ में किया।
सोरेन परिवार पर बोला हमला
महतो ने कहा कि संथाल क्षेत्र की सभी आरक्षित सीटें अपने परिवार को देने के बाद अब मुख्यमंत्री की नजर कोल्हान पर है। यहां भी वे अपने खुद और अपने खास लोगों को लाने की तैयारी में हैं।
जोबा मांझी की खाली हुई सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी!
जयराम महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब जोबा मांझी की खाली हुई सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
झारखंड की जनता गरीब है और इसी गरीबी के कारण ‘मंइयां सम्मान योजना’ के लिए लाइन में खड़ी है। महतो ने कहा, ‘बेटियों को सम्मान नहीं, काम चाहिए।’
चुनाव नजदीक आते ही एक-एक हजार रुपये के लिए फॉर्म भरवाया
जयराम महतो झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि साढ़े चार साल तक कुछ नहीं किया और अब चुनाव नजदीक आते ही महिलाओं को एक-एक हजार रुपये के लिए मइयां सम्मान योजना का फॉर्म भरवाया जा रहा है।
जय राम महतो ने कहा, अगर सरकार को यह योजना लागू करनी ही थी तो चुनाव जीतने के बाद ही लागू कर देते। यह तो सिर्फ वोट के लिए लाई गई योजना है।
नियोजन और विस्थापन नीति को लेकर उठाए सवाल
जयराम महतो ने कहा कि अलग झारखंड राज्य बने 24 साल हो गए, लेकिन आज तक न तो नियोजन नीति बनी और न ही विस्थापन नीति।
उन्होंने वादा किया कि उनकी पार्टी सत्ता में आने पर ऐसी नियोजन नीति बनाएगी जिसमें 75 प्रतिशत पद सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में झारखंड के लोगों के लिए आरक्षित होंगे।
विस्थापन नीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि विस्थापन नीति नहीं होने के कारण आज भी लोग मुआवजे के लिए भटक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ऐसी विस्थापन नीति बनाएगी जिसमें उद्योगों को जमीन देने के बाद वहां के लोगों को पीढ़ियों तक नौकरी मिले।
चंपई सोरेन जनता के लिए राजनीति करे
जयराम महतो ने चंपई सोरेन के भाजपा में जाने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा-‘चंपाई सोरेन के साथ कुछ न कुछ परेशानी जरूर रही होगी, इसलिए उन्होंने जेएमएम छोड़कर भाजपा जॉइन की है।
उन्होंने चंपाई सोरेन से अपील की कि वे जहां भी रहें, अपने बेटे के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के लिए राजनीति करें।
इस कार्यक्रम में कोल्हान प्रभारी करण महतो, नवीन महतो समेत कई नेता मौजूद थे। जयराम महतो ने चक्रधरपुर के अलावा मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र में भी कई कार्यक्रमों को संबोधित किया।
इसे भी पढ़ें