S. Jaishankar:
मॉस्को, एजेंसियां। भारत के विदेश मंत्री जयशंकर ने गुरुवार को मास्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इसे शिष्टाचार भेट बताया जा रहा है। दोनों ने द्विपक्षीय व्यापार व ऊर्जा सहयोग को बढ़ाने पर जोर दिया। इसके साथ ही भारत ने स्पष्ट संदेश दे दिया कि वह अमेरिकी दबाव के बावजूद रूस के साथ अपने रणनीतिक और आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करेगा।
अमेरिका ने भारत पर टैरिफ लगाया हैः
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब अमेरिका ने रूस से बढ़ते तेल आयात को लेकर भारत पर भारी दंडात्मक टैरिफ लगा दिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने अब तक भारत पर 25% टैरिफ लगा दिया है और जल्द ही अतिरिक्त 25% शुल्क लगाने की तैयारी में है।
भारत का अमेरिका को करारा जवाबः
जयशंकर ने पुतिन से मुलाकात से पहले अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से बातचीत की और संयुक्त प्रेस वार्ता में अमेरिका के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “अमेरिकियों ने खुद हमसे कहा था कि हमें वैश्विक ऊर्जा बाजार को स्थिर रखने के लिए रूस से तेल खरीदना चाहिए। हम अमेरिका से भी तेल खरीदते हैं और उसमें लगातार वृद्धि हुई है। इसलिए यह तर्क हमें बिल्कुल समझ नहीं आता।”
अमेरिका का आरोप है कि भारत ने रूस से तेल आयात में तेजी से इजाफा किया और उसका “पुनर्विक्रय” कर लाभ भी कमाया है। जबकि चीन, जो रूस से तेल आयात करने वाला सबसे बड़ा देश है, उस पर किसी प्रकार का दंडात्मक शुल्क नहीं लगाया गया है।
अमेरिका का तर्कः
अमेरिकी ट्रेजरी सचिव के अनुसार, चीन ने आयात में उतनी तेजी से वृद्धि नहीं की जितनी भारत ने की है।
भारत-रूस रिश्तों की मजबूतीः
भारत ने साफ कर दिया कि रूस उसके सबसे पुराने और भरोसेमंद सहयोगियों में से एक है। जयशंकर और पुतिन की मुलाकात में ऊर्जा सहयोग, द्विपक्षीय व्यापार और रक्षा-रणनीतिक साझेदारी पर गहन चर्चा हुई।
मोदी सरकार लगातार रूस के साथ मजबूत रिश्तों की वकालत कर रही है और साथ ही चीन के साथ संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिश भी कर रही है। यह भारत की स्वतंत्र विदेश नीति का हिस्सा है, जिसमें वह किसी दबाव में झुकने को तैयार नहीं है।
इसे भी पढ़ें