Bihar Election 2025:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच विपक्षी महागठबंधन में एक नया घटक दल शामिल हो गया है। पान समाज (तांती-ततवा समुदाय) की राजनीति करने वाले IP गुप्ता की इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP) अब औपचारिक रूप से महागठबंधन का हिस्सा बन गई है। गुप्ता ने दावा किया कि उनकी पार्टी को तीन सीटें मिली हैं और वे सहरसा विधानसभा सीट से अपने पार्टी के ‘करनी’ चुनाव चिन्ह पर नामांकन करेंगे।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा
आईपी गुप्ता ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि “हम महागठबंधन के घर वाले नहीं, बल्कि गोतिया बन गए हैं।” उन्होंने बताया कि तीन से चार सीटों पर उनकी पार्टी के उम्मीदवार राजद और कांग्रेस के सिंबल पर भी चुनाव लड़ेंगे, हालांकि इस पर आरजेडी और कांग्रेस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गुप्ता बीते कुछ हफ्तों से महागठबंधन के शीर्ष नेताओं के संपर्क में थे और उन्होंने राहुल गांधी व तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद उनकी पार्टी की एंट्री को लेकर अटकलें तेज थीं। अब यह तय माना जा रहा है कि इंडियन इंक्लूसिव पार्टी महागठबंधन का सातवां घटक दल बन गई है। आईपी गुप्ता पहले कांग्रेस से जुड़े रहे और बाद में अलग होकर नई पार्टी बनाई। उन्होंने अप्रैल 2025 में पटना के गांधी मैदान में “पान समाज अधिकार रैली” कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया था। गुप्ता अखिल भारतीय पान महासंघ के अध्यक्ष भी हैं।
बिहार के जातीय सर्वे के मुताबिक
बिहार के जातीय सर्वे के मुताबिक, तांती-ततवा जाति की आबादी लगभग 2 फीसदी है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सीमांत सीटों पर यह वोटबैंक निर्णायक साबित हो सकता है, खासकर सहरसा, सुपौल, दरभंगा और मधेपुरा जैसे इलाकों में। महागठबंधन में अब राजद, कांग्रेस, CPI, CPI(ML), CPM, VIP और IIP शामिल हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के शामिल होने को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। जानकारी के अनुसार, आरजेडी ने अपने कोटे से सहरसा सीट आईपी गुप्ता को दी है। 2020 में इसी सीट से लवली आनंद आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं, लेकिन भाजपा के आलोक रंजन झा से हार गई थीं। इस बार भाजपा ने फिर से आलोक रंजन झा पर भरोसा जताया है।
इसे भी पढ़ें
Bihar Election 2025: तेजप्रताप यादव ने दादी की तस्वीर लेकर किया नामांकन, जनता को दिया खास संदेश