गढ़वा, एजेंसियां: झारखंड के गढ़वा जिले के भवनाथपुर में एक महिला ने अपने पति के राजनीतिक दल बदलने से नाराज होकर जहर खा लिया।
घटना खरौंधी थाना क्षेत्र के चंदना गांव की है। महिला की पहचान अंजली देवी के रूप में की गयी है। उसने कीटनाशक खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिवार वाले उसे तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
पहले भानू प्रताप शाही के साथ था पतिः
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी, डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि महिला की स्थिति गंभीर थी, इसलिए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। महिला का इलाज अब वहीं चल रहा है।
वहीं ग्रामीण मानिक सिंह के अनुसार, महिला का पति पहले बीजेपी विधायक भानु प्रताप शाही का समर्थक था। लेकिन हाल ही में उसने झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी अनंत प्रताप देव का समर्थन करना शुरू कर दिया।
पति के अचानक दल बदलने से पत्नी अंजली देवी नाराज थी। इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया, जिसके बाद अंजली देवी ने गुस्से में आकर कीटनाशक खा लिया।
झारखंड में गरमाया चुनावी माहौलः
झारखंड में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, जिसमें 81 सीटों के लिए 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा, और मतगणना 23 नवंबर को होगी। चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में नेताओं और कार्यकर्ताओं का दल बदलने का सिलसिला जारी है।
लेकिन शायद की ऐसा कभी हुआ होगा की परिवार वालों के समर्थन बदलने से कोई ऐसा खौफनाक कदम उठाए।
इसे भी पढ़ें