Heavy rain in Ranchi: 3 दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
रांची। मानसून की वापसी में भले ही देर हो, लेकिन रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी रांची में मंगलवार सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है, जो 24 घंटे के अंदर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस सिस्टम के कारण 23 से 25 सितंबर तक झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
मंगलवार को चार जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
कई जिलों में आज मौसम साफ है। पर चार जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर ओडिशा और उत्तर आंध्रप्रदेश के साथ झारखंड पर भी पड़ेगा।
रांची सहित कई जिलों में कल भारी बारिशः
मौसम विभाग ने 24 सितंबर को रांची, गुमला, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, पलामू, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और धनबाद सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।
25 सितंबर को भी खूंटी, गुमला, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
रांची में सोमवार शाम से रुक-रुक कर बारिशः
राजधानी रांची में सोमवार से ही लगातार रुक-रुक कर बारिश होती रही, जो मंगलवार सुबह तक जारी रही। अभी भी बादल छाए हुए हैं। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश धनबाद के पुटकी में 80.2 मिमी दर्ज की गई। वहीं डीवीसी क्षेत्र में 75 मिमी बारिश हुई।
इसे भी पढ़ें
कोटा में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, ट्रैक्टर पर सवार होकर ओम बिरला ने लिया जायजा