Nail Care Tips for Winter
नई दिल्ली, एजेंसियां। सर्दियों का मौसम त्वचा के साथ-साथ नाखूनों के लिए भी चुनौतीपूर्ण होता है। ठंड और कम नमी के कारण नाखून रूखे, कमजोर और जल्दी टूटने लगते हैं। कई बार नाखूनों में दरारें पड़ जाती हैं या पीलापन भी दिखने लगता है। ऐसे में अगर सही समय पर उनकी देखभाल न की जाए, तो समस्या बढ़ सकती है। थोड़ी-सी नियमित केयर से नाखूनों को हेल्दी और खूबसूरत बनाए रखा जा सकता है।
बेस कोट लगाना न भूलें
अगर आप नेल पॉलिश लगाती हैं, तो उससे पहले बेस कोट जरूर लगाएं। बेस कोट नाखूनों को पॉलिश के केमिकल्स, गंदगी और प्रदूषण से बचाता है। यह नाखूनों की सतह को मजबूत बनाता है और टूटने से भी बचाता है।

नेल मास्क से मिलेगी गहरी पोषण
सर्दियों में हफ्ते में एक या दो बार नेल मास्क लगाना फायदेमंद होता है। आप नींबू और बेकिंग सोडा का मिश्रण या अंडे और शहद का पैक नाखूनों पर लगा सकती हैं। यह नाखूनों को पोषण देता है और उनकी रंगत सुधारने में मदद करता है।
मॉइस्चराइजिंग है सबसे जरूरी
नाखूनों को रूखापन से बचाने के लिए नियमित रूप से नारियल तेल, बादाम तेल या क्यूटिकल ऑयल से मसाज करें। इससे नाखूनों में नमी बनी रहती है और वे मजबूत होते हैं।
पानी से करें बचाव
बार-बार पानी के संपर्क में आने से नाखून और ज्यादा ड्राई हो जाते हैं। बर्तन धोते समय या ज्यादा देर तक पानी में हाथ रखने पर दस्ताने पहनें। इससे नाखूनों की नमी बनी रहेगी।
छोटी-छोटी आदतें, बड़ा असर
संतुलित आहार लें, पर्याप्त पानी पिएं और नाखूनों को बहुत ज्यादा लंबा न रखें। इन आसान टिप्स को अपनाकर आप सर्दियों में भी अपने नाखूनों को हेल्दी, मजबूत और चमकदार बनाए रख सकती हैं।








