नई दिल्ली, एजेंसियां। एक हालिया स्वास्थ्य अध्ययन में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पुरुषों में विटामिन डी की कमी प्रोस्टेट कैंसर के खतरे को काफी बढ़ा सकती है। प्रोस्टेट कैंसर पुरुषों में पाए जाने वाले सबसे आम कैंसरों में से एक है और भारत में बड़ी आबादी विटामिन डी की कमी से जूझ रही है। रिपोर्ट के अनुसार देशभर में लगभग 45 फीसदी लोग विटामिन डी डेफिशिएंसी के शिकार हैं, जिनमें पुरुषों में कैंसर का जोखिम अधिक देखा गया है।
600 से ज्यादा पुरुषों पर स्टडी
शिकागो क्षेत्र के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए इस अध्ययन में लगभग 700 पुरुषों को शामिल किया गया। स्टडी में पाया गया कि जिन लोगों में विटामिन डी का स्तर कम था, उनमें ‘हाई-ग्रेड’ अथवा एडवांस प्रोस्टेट कैंसर होने की संभावना ज्यादा थी। यह पैटर्न यूरोपीय-अमेरिकी और अफ्रीकी-अमेरिकी दोनों समुदायों में समान पाया गया। हालांकि अफ्रीकी-अमेरिकी पुरुषों में यह जोखिम और भी ज्यादा देखा गया।विशेषज्ञ बताते हैं कि गहरे रंग की त्वचा वाले व्यक्तियों में विटामिन डी बनने की क्षमता कम होती है, क्योंकि उनकी त्वचा सूरज से कम अल्ट्रावायलेट (UV) किरणें सोख पाती है। यही कारण है कि इन व्यक्तियों में प्रोस्टेट कैंसर का जोखिम ज्यादा होता है।
लक्षणों को पहचानना बेहद जरूरी
विटामिन डी की कमी प्रोस्टेट कैंसर को अधिक आक्रामक बना सकती है। इसलिए पुरुषों को इसके शुरुआती लक्षणों के प्रति सतर्क रहना चाहिए।
सामान्य लक्षणों में शामिल हैं:
- बार-बार पेशाब आना, खासकर रात में
- पेशाब का बहाव धीमा या बाधित होना
- पेशाब या वीर्य में खून
- कूल्हों या हड्डियों में लगातार दर्द
50 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों को यह लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
विटामिन डी बढ़ाने के सुरक्षित तरीके
विटामिन डी का स्तर बनाए रखना मुश्किल नहीं है। इसके लिए मछली (सैल्मन), अंडे की जर्दी, मशरूम और डेयरी उत्पाद जैसे खाद्य पदार्थ उपयोगी हैं।
इसके अलावा, सूर्य का प्रकाश सबसे अच्छा प्राकृतिक स्रोत है। प्रतिदिन 10–15 मिनट तक धूप लेना पर्याप्त माना जाता है। यदि किसी व्यक्ति में विटामिन डी की मात्रा अत्यधिक कम हो, तो डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लेना भी फायदेमंद हो सकता है।
नोट: यह लेख चिकित्सा अध्ययनों और विशेषज्ञों से प्राप्त जानकारी के आधार पर जागरूकता हेतु तैयार किया गया है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी निर्णय से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।



