Dark lips:
नई दिल्ली, एजेंसियां। चेहरे की खूबसूरती में होंठों का खास महत्व होता है। गुलाबी और मुलायम होंठ आपकी स्माइल को और भी आकर्षक बना देते हैं। लेकिन अक्सर मौसम, धूम्रपान, ज्यादा चाय-कॉफी पीना और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स के कारण होंठ काले पड़ जाते हैं। ऐसे में महंगे प्रोडक्ट्स या ट्रीटमेंट्स के बजाय घरेलू उपाय से आप अपने होंठों को फिर से गुलाबी बना सकती हैं।
चीनी और नींबू: होंठों की रंगत निखारने का असरदार उपाय
चीनी एक प्राकृतिक स्क्रब के रूप में काम करती है, जो होंठों की मृत त्वचा को हटाती है। वहीं, नींबू में मौजूद सिट्रिक एसिड और विटामिन सी होंठों के रंग को हल्का करने और कालेपन को कम करने में मदद करते हैं। नींबू के प्राकृतिक ब्लीचिंग गुण होंठों को गुलाबी और साफ बनाने का काम करते हैं। नियमित इस्तेमाल से होंठों की रंगत में फर्क साफ नजर आता है।
शहद और चीनी: होंठों को दें पोषण और नमी
शहद एक प्राकृतिक मॉइश्चराइजर है, जो होंठों को हाइड्रेट रखता है और उनमें नमी बनाए रखता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होंठों की त्वचा को ठीक करते हैं और रंग को हल्का करने में मदद करते हैं। जब शहद को चीनी के साथ मिलाकर स्क्रब बनाया जाता है तो यह होंठों को एक्सफोलिएट करने के साथ-साथ पोषण भी देता है, जिससे होंठ स्वाभाविक रूप से गुलाबी हो जाते हैं।
घरेलू स्क्रब बनाने और इस्तेमाल करने की विधि
एक कटोरी में एक चम्मच चीनी लें और उसमें आधा-आधा चम्मच नींबू का रस और शहद मिलाएं। अच्छी तरह मिलाकर पेस्ट बना लें। अब इसे होंठों पर हल्के हाथों से 2 मिनट तक मसाज करें और फिर 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। बाद में गुनगुने पानी से धो लें। इस स्क्रब का इस्तेमाल हफ्ते में 2 बार करने से होंठ गुलाबी, मुलायम और खूबसूरत बन जाएंगे।
इसे भी पढ़ें







