Lemon water detox: क्या वाकई नींबू पानी से बॉडी होता हैं डिटॉक्स? जानें विशेषज्ञ की राय

3 Min Read

Lemon water detox

नई दिल्ली, एजेंसियां। नींबू पानी को लंबे समय से स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है। इसमें विटामिन C भरपूर मात्रा में होता है और एंटीऑक्सीडेंट्स गुण भी मौजूद हैं, जिससे इसे पाचन सुधार, वजन नियंत्रण और इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए फायदेमंद माना जाता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज है कि नींबू पानी पीने से शरीर पूरी तरह से डिटॉक्स हो जाता है। लेकिन क्या यह सच में शरीर की गंदगी को बाहर निकालता है? इस सवाल का जवाब देती हैं दिल्ली की आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा।

क्या विशेषज्ञ बताती है?

विशेषज्ञ बताती हैं कि कोई भी एक नुस्खा हर किसी के लिए समान रूप से उपयोगी नहीं हो सकता। हमारे शरीर की संरचना इस प्रकार है कि किडनी, लिवर और पाचन तंत्र शरीर के अंदर जमा टॉक्सिन्स को स्वयं बाहर निकालने में सक्षम होते हैं। नींबू पानी पीने से यह प्रक्रिया थोड़ी मदद जरूर मिल सकती है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि शरीर पूरी तरह से डिटॉक्स हो गया। नींबू पानी को एक सपोर्टिव हर्बल ड्रिंक माना जाना चाहिए, जो पाचन शक्ति को मजबूत कर, लिवर और किडनी की प्राकृतिक कार्यप्रणाली को बढ़ावा देता है।

नींबू पानी के मुख्य फायदे निम्न हैं

  • पाचन सुधार: इसमें मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स पाचन एंजाइम्स को सक्रिय करते हैं, जिससे कब्ज और पेट संबंधी परेशानियों में राहत मिलती है।
  • लिवर सपोर्ट: नींबू पानी लिवर को सीधा साफ नहीं करता, लेकिन पाचन को बेहतर करके शरीर में टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है।
  • वजन नियंत्रण: नियमित रूप से नींबू पानी पीने से मेटाबॉलिज्म मजबूत होता है और वजन नियंत्रित रहता है।

विशेषज्ञ की सलाह

विशेषज्ञ की सलाह है कि नींबू पानी रोज़ाना पीना जरूरी नहीं है। इसे सप्ताह में चार-पांच दिन पी सकते हैं। जिन लोगों को एसिडिटी, गैस या दांतों की समस्या है, उन्हें खाली पेट पीने से बचना चाहिए। ज्यादा मात्रा में पीने से पेट में जलन या एसिडिटी हो सकती है। साथ ही इसमें चीनी या ज्यादा नमक न मिलाएं, ताकि यह स्वास्थ्यवर्धक बनी रहे।

इस तरह नींबू पानी एक हेल्दी ड्रिंक है जो शरीर को हल्का और पाचन को मजबूत बनाए रखता है, लेकिन यह शरीर का डिटॉक्स सिस्टम नहीं बदल सकता। सही खानपान और जीवनशैली के साथ इसका सेवन अधिक लाभकारी साबित होता है।

Share This Article