Breast cancer healthy foods
नई दिल्ली, एजेंसियां। ब्रेस्ट कैंसर आज पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ रही एक गंभीर बीमारी बन गई है। अक्सर इसका पता तब चलता है जब यह एडवांस स्टेज में पहुंच चुकी होती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि सही खाने-पीने की आदतों और जीवनशैली में बदलाव करके इस जानलेवा बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
फाइबर युक्त आहार करें
अध्ययनों के अनुसार फाइबर से भरपूर आहार स्तन कैंसर के खतरे को घटाने में मदद करता है। अनाज, हरी सब्जियां, गाजर, सेब और नाशपाती जैसे फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ हार्मोनल बैलेंस बनाए रखने और पाचन तंत्र को मजबूत करने में सहायक होते हैं। नियमित फाइबर का सेवन शरीर को स्वस्थ रखता है और कैंसर से लड़ने की क्षमता बढ़ाता है।
फैट वाली चीजों से बचें
ज्यादा फैट वाले खाने, जैसे फुल-फैट डेयरी प्रोडक्ट्स, प्रोसेस्ड मीट और सैचुरेटेड फैट वाली चीजें न केवल दिल की बीमारी बल्कि ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को भी बढ़ा सकती हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि इन चीजों का सेवन सीमित करें और हल्के व हेल्दी फैट वाले विकल्प चुनें।
ऑर्गेनिक फूड्स को प्राथमिकता दें
ऑर्गेनिक फल और सब्जियां महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर से बचाने में मददगार साबित हो सकती हैं। इनमें हानिकारक पेस्टिसाइड और केमिकल नहीं होते, जो कैंसर के विकास में योगदान कर सकते हैं। नियमित ऑर्गेनिक खाद्य पदार्थों का सेवन न केवल कैंसर बल्कि अन्य कई स्वास्थ्य समस्याओं से भी बचाव करता है।
क्रूसिफेरस सब्जियां शामिल करें
फूलगोभी, ब्रोकोली, पत्तागोभी जैसी क्रूसिफेरस सब्जियां ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ये सब्जियां शरीर में फ्री रेडिकल्स को नियंत्रित करती हैं और कैंसर जैसी बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करती हैं।
बाजरा और साबुत अनाज का सेवन
बाजरा एंटीऑक्सीडेंट, फाइबर और फाइटोकेमिकल्स से भरपूर होता है, जो ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को कम करने में मदद करता है। बाजरा हार्मोन और इंसुलिन के स्तर को संतुलित रखता है और पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि केवल सही आहार ही नहीं, बल्कि नियमित एक्सरसाइज और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच भी ब्रेस्ट कैंसर से बचाव में अहम भूमिका निभाते हैं।
